हमीरपुर में शिमला और रामपुर का सेब

By: May 31st, 2018 12:05 am

हमीरपुर — हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के युवक ने एमबीए व इंजीनियरिंग की ड्यूल डिग्री लेने के बाद बागबानी अपनाकर तीन बागीचों में चार क्विंटल सेब की फसल तैयार कर सबको हैरत में डाल दिया है। जी हां, शिमला व रामपुर में पैदा होने वाले सेब अब हमीरपुर में भी दिखेंगे। नंधन पंचायत के रूद्रा सिंह उर्फ कमलजीत ने यह कमाल कर दिखाया है। रूद्रा ने कई फलों की ऐसी प्रजातियां उगा दी हैं, जिनकी हमीरपुर की गर्मी में अब तक कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उनके बागीचे में ब्रेसलेस आड़ू व शक्करपारा किस्म के पौधे भी तैयार हैं, जो बहुत जल्द फल देंगे। वर्तमान में उनके बागीचों में लगभग चार क्विंटल सेब की फसल लहलहा रही है, जिनमें अन्ना, एचआर व डोजेट गोल्डन आदि शामिल हैं। रूद्रा सिंह ने इंजीनियरिंग के साथ डिप्लोमा आईटी व बीटेक आईटी किया है। रूद्रा बागीचों में जैविक खाद सहित अन्य उपयोगी दवाइयों का उपयोग विभाग के परामर्शानुसार करते हैं। रूद्रा के इस कार्य की चहूं ओर प्रशंसा हो रही है।

सच कर दिखाया पिता का सपना

रूद्रा ने बताया कि उनके पिता रमेश चंद वर्मा आईपीएच एसडीओ के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने बागीचे में सेब सहित अन्य किस्म के पौधे लगाने का सपना देखा। इसके लिए उनके बेटों जितेंद्र सिंह व रूद्रा सिंह ने हामी भरी। 2014 में लाखों रुपए लोन लेकर दो बगीचे तैयार किए गए। इनमें अन्ना, एचआर, डोजेट गोल्डन सेब के पौधे लगाए गए। करीब तीन साल बाद इन पौधों ने फसल दी। सेब की पहली फसल के रूप में करीब डेढ़ क्विंटल सेब मार्केट में उतारा गया। इससे लाभ होता देख एक और बगीचा तैयार किया गया। अब करीब चार क्विंटल सेब से पौधे लदे पड़े हैं। बागीचे में सेब के 330, ब्रेसलेस आडू के 30 व शक्करपारा के 10 पौधे लगाए हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App