हाइकमान से गुफ्तगू के बाद राज्यपाल से मीटिंग

By: May 5th, 2018 12:25 am

शिमला— दिल्ली में केंद्रीय हाइकमान से चर्चा कर लौटे मुख्यमंत्री की राज्यपाल से अहम मंत्रणा हुई है। सीएम ने तीन मई को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से दिल्ली में लंबी गुफ्तगू की। इसके बाद वह शिमला लौटने के तुरंत बाद अगली सुबह राजभवन पहुंच गए। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री की अमित शाह और राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकातों के कई मायने हैं। इसमें बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की ताजपोशी और सरकार के कामकाज पर मंथन किया गया है। इसके तुरंत बाद सरकार के कुछ अहम पदों पर ताजपोशी की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तीन मई को दिल्ली से लौटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने भाजपा सुप्रीमो अमित शाह के साथ प्रदेश के राजनीतिक मसलों और सरकार के कामकाज पर विस्तार से बातचीत की है। दिल्ली रवाना होने से पहले भी ये कयास लगाए जा रहे थे कि जयराम सरकार कुछ महत्त्वपूर्ण बोर्ड-निगमों में ताजपोशी कर सकते हैं। इनमें स्कूल शिक्षा बोर्ड, एचआरटीसी, पर्यटन निगम और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड प्रमुख हैं। हालांकि भाजपा लोकसभा चुनावों के चलते कुछ अहम पद खाली भी रखने के मूड़ में है। जयराम ठाकुर का कहना है कि केंद्रीय हाइकमान हिमाचल सरकार के कामकाज से बेहद खुश है।

दिल्ली में मुलाकातें और हुई कई बातें

सीएम ने कहा कि दिल्ली में मुलाकातें और कई बातें हुई हैं। इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। केंद्र सरकार से मांग की है कि औद्योगिक निवेश में रियायतें दी जाएं। हाइकमान से सरकार के कामकाज और संगठन पर चर्चा हुई है।

प्राकृतिक कृषि पर लगे प्रदर्शनी

मुख्यमंत्री ने शून्य लागत प्राकृतिक कृषि के क्रियान्वयन में प्रगति के लिए राज्यपाल की सराहना की तथा प्रदेश में किसान समुदायों के लिए लाभदायक इस कृषि के क्रियान्वयन में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने कृषि विभाग के माध्यम से प्राकृतिक कृषि पर किसान शिविरों तथा प्रदर्शनियां आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि किसान प्राकृतिक कृषि के लाभ समझ सकें। संबद्ध विभाग भी ऐसे आयोजनों तथा गतिविधियों में शामिल किए जाने चाहिए। उन्होंने आशा जताई कि संयुक्त प्रयासों से हिमाचल प्रदेश देश में प्राकृतिक कृषि करने वाला अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा तथा अन्य राज्य भी इस प्राकृतिक कृषि के मॉडल का अनुसरण करेंगे।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App