अगले साल से अपग्रेड होंगे घटवद-मोलू स्कूल

By: Jun 10th, 2018 12:10 am

बालीचौकी —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बालीचौकी दौरे के दौरान तोहफों की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने धार-खानी, बाउचड़ी, देवी थाच-देहरा तथा मानी शेगली सड़क का कार्य पूरा करने तथा प्राथमिक पाठशाला सुरेगई की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र से राजकीय प्राथमिक पाठशाला घटवद को माध्यमिक पाठशाला तथा राजकीय माध्यमिक पाठशाला मोलू को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने इस विधानसभा क्षेत्र में चार स्थानों पर सराय भवन के निर्माण के लिए धनराशि की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लोगों की मांग पर बागी से मंडी के लिए बस सेवा आरंभ करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को पुरस्कार वितरित किए। इससे पूर्व उन्होंने 5.18 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली भूराह-पंजैणघाट सड़क का भूमि पूजन किया। उन्होंने बालीचौकी में छह करोड़ रुपए की अनुमानित राशि से निर्मित होने वाले सैडिक भवन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालीचौकी के भी शिलान्यास किए। उन्होंने उद्योग विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि सैडिक स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने में वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार रेशम पालन पर उपदान प्रदान कर रही है तथा रेशम पालन विभाग इस व्यवसाय में काम कर रहे लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए उनके उत्पाद खरीद रहा है। सांसद राम स्वरूप शर्मा तथा विधायक सुरेंद्र शौरी ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 60051 रुपए का चेक भेंट किया। कुछ अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए चेक भेंट किए। मंडी भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह, सराज भाजपा मंडल अध्यक्ष शेर सिंह तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App