एक करोड़ ने किया योग

By: Jun 25th, 2018 12:06 am

चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर छत्तीसगढ़ में बनाया वर्ल्ड रिकार्ड, गोल्डन बुक में नाम दर्ज

छत्तीसगढ़ में चौथे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरुवार को लगभग एक करोड़ लोगों ने योगाभ्यास कर नया रिकार्ड बनाया। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और केंद्रीय बिजली एवं नवीन और नवीनीकरण ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आरके सिंह और अन्य विशिष्टजनों ने 600 स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर योग दिवस पर शासकीय स्तर पर योगाभ्यास के विशेष रूप से कार्यक्रम हुए। इसके साथ राज्य में पिछले साल योग दिवस पर 50 लाख लोगों के एक साथ योगाभ्सास करने का कीर्तिमान भी टूट गया। इसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी दर्ज किया गया। मुख्यमंत्री डा. सिंह ने इंडोर स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए सभी से योग को जीवन पद्धति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग से शरीर स्वस्थ होता है, स्मरण शक्ति बढ़ती है और योगाभ्यास करने वालों का आत्मविश्वास का स्तर भी ऊंचा होता है। भारत के ऋषि मुनियों ने अपनी साधना और तपस्या से योग का जो ज्ञान दुनिया को दिया था, उसे पुनर्जीवित करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल ने नए विश्व कीर्तिमान का प्रोविजनल प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री को प्रदान किया।

नोएडा में ‘कचरा आसन’

नोएडा के सेक्टर 123 में बन रहे डंपिंग ग्राउंड के खिलाफ लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। दरअसल, इन्होंने विरोध जताने के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अनूठे आसन किए। कूड़ा संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुखबीर पहलवान ने बताया कि गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने डंपिंग ग्राउंड के नजदीक ‘कचरा योग’ और ‘कचरा आसन’ जैसे अजीबोगरीब नाम देकर योग कर विरोध जताया। उन्होंने बताया कि लोगों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का मुखौटा लगाकर योग किया, वहीं सैकड़ों लोगों ने मास्क और आक्सीजन सिलेंडर वाले मास्क लगाकर योगाभ्यास किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App