कल से जमकर बरसेगा अंबर

By: Jun 30th, 2018 12:15 am

मौसम विभाग की चेतावनी, पांच तक कई जगह बारिश

शिमला— प्रदेश में मानसून आते ही मूसलाधार बारिश का क्रम जारी है। ऊना जिला के एक-दो जगह सहित कांगड़ा और चंबा में भी भारी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि शुक्रवार को दिन के समय प्रदेश के कुछ ही स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है, मगर मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में मौसम राज्य में रौद्र रूप दिखाएगा। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों सहित शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सोलन, सिरमौर जिलों के कई क्षेत्रों में पहली-दो जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के पूर्वानुमान के तहत प्रदेश में पांच जुलाई तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश की आशंका जताई जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बादलों व धूप की लुक्का-छिपी का खेल जारी रहा, जिससे अधिकतम तापमान में एक से 12 डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया है। केलांग के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 12 डिग्री का उछाल आया है। कांगड़ा में नौ, ऊना-भुंतर में आठ, चंबा, हमीरपुर में सात, सुंदरनगर में पांच और डलहौजी में चार डिग्री तक तापमान चढ़ा है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आंका गया है। दो दिन में अंब में सर्वाधिक 142 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। इसके अलावा डलहौजी में 104, गुलेर में 76, भरमौर में 72, ऊना में 71, धर्मशाला में 68, कांगड़ा में 64, देहरा-गोपीपुर में 51, बैजनाथ में 42 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां-कितना पारा

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    22.0      16.2

सुंदरनगर  31.8       21.1

भुंतर       33.6      19.5

कल्पा     23.6      12.4

धर्मशाला  25.4       17.4

ऊना       35.2       23.0

नाहन      29.7      19.1

सोलन     28.2       21.0


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App