किसानों की हड़ताल… टमाटर हुआ लाल

By: Jun 5th, 2018 12:05 am

 दौलतपुर चौक  —किसानों की हड़ताल का दुष्प्रभाव आम जनता के साथ साथ दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से चल रही किसानों की हड़ताल से नगर पंचायत दौलतपुर चौक एवं इसके आसपास के गांवों में सब्जियों, फलों के दाम एकाएक बढ़ गए हैं। विशेषकर उन दुकानदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है जो पंजाब के होशियारपुर या मुकेरियां, तलवाड़ा से सब्जी लाकर इस क्षेत्र में कारोबार करते थे। अभी उक्त दुकानदार जुगाड़ से सब्जी, फल ला रहे है, जिससे दाम एकाएक बढ़ गए हैं। दस रुपए प्रति किलोग्राम बिकने वाला खीरा और टमाटर 25 से 30 रुपए प्रति किलो बिक रहा है और सलाद की प्लेट से गायब होने लगा है।  जबकि 10-12 रुपए बिकने वाले आलू प्याज मात्र चार दिनों में 20 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गया है। इसके अतिरिक्त हरा मटर 60 रुपए प्रति किलोग्राम, गोभी 30 रुपए, घीया 15-20 रुपए प्रति किलोग्राम, बैंगन 30 रुपए, भिंडी और शिमला मिर्च 25-30 रुपए प्रति किलोग्राम और टिंडा 50 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। जबकि आम प्रति किलोग्राम 80-90 रुपए, केला 60-70 रुपए दर्जन बिक रहा है। इसी तरह फ्रांसबीन 45-50 रुपए और करेला भी 25-30 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। स्थानीय लोगों संजीव, विनोद, अशोक, विकास, प्रतीक इत्यादि ने बताया कि किसानों की हड़ताल के चलते सब्जियों और फलों के दाम बढ़ गए है, जिससे उनका बजट डगमगा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त हड़ताल बंद करवाने के लिए सरकार को आगे आना चाहिए, ताकि किसानों के हितों को भी बचाया जा सके।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App