क्रोएशिया ने 2-0 से हराया नाइजीरिया

By: Jun 18th, 2018 12:07 am

कैलिनिनग्राद — यूरोपीय देश क्रोएशिया ने फीफा विश्वकप में ‘ग्रुप ऑफ डैथ’ माने जा रहे ग्रुप-डी में शनिवार रात को अफ्रीकी देश नाइजीरिया को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। क्रोएशिया ने नाइजीरिया के आत्मघाती गोल से पहले हाफ में बढ़त बनाई और दूसरे हाफ में पेनल्टी पर गोल कर अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। चार साल पहले ब्राजील में क्रोएशिया ग्रुप चरण में ही बाहर हो गई थी, लेकिन इस बार उसने विजयी शुरुआत कर ली। टूर्नामेंट में ग्रुप-डी को ग्रुप ऑफ डैथ माना जा रहा है, जिसमें पिछली उपविजेता अर्जेंटीना और नवोदित टीम आइसलैंड शामिल हैं। आइसलैंड ने शुक्रवार को अर्जेंटीना को 1-1 के ड्रा पर रोक कर तहलका मचा दिया था। पहले हाफ के शुरुआत में ही नाइजीरिया के डिफेंडर ओगेनेकरो इटेबो की गलती का फाय  दा क्रोएशिया को मिल गया। इटेबो ने 32वें मिनट में आत्मघाती गोल किया जिससे क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त मिली। दूसरे हाफ में 71वें मिनट में क्रोएशिया को पेनल्टी मिली और लुका मोड्रिच ने पेनल्टी को गोल में बदल कर अपनी टीम का स्कोर 2-0 कर दिया। क्रोएशिया ने इस बढ़त को अंत तक कायम रखते हुए जीत अपने नाम की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App