गेयटी थियेटर में ‘सावधान इंडिया’ के किस्से

By: Jun 24th, 2018 12:05 am

 शिमला  —शिमला गेयटी थियेटर में शनिवार को शिमला अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव का आगाज किया गया। दो दिन के इस साहित्य उत्सव में पहले दिन किताबों के साथ ही सृजन और आलोचना, मीडिया और मौजूदा समय सोशल मीडिया वॉयस ऑफ न्यू इंडिया सहित फिल्म और साहित्य जैसे विषयों पर नामी लेखकों और व्यक्तियों ने विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल किया गया, ताकि बच्चों को साहित्य से जुड़े हर पहलू का ज्ञान दिया जा सके। कार्यक्रम में पहले सत्र में सावधान इंडिया के प्रख्यात एंकर सुशांत सिंह सहित लेखक सुहैल माथुर और लेखक पंकज दुबे ने बुक्स टू फिल्मज विषय पर चर्चा की। इसमें उन्होंने बच्चों को बताया कि लेखक अपनी किताब को एक फिल्म और टीवी के लिए किस तरह दे सकते हैं। इस दौरान उन्होंने कई ऐसी किताबों के बारे में चर्चा की। वहीं, सुशांत ने भी अपने क्राइम शो सावधान इंडिया से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में अनंत विजया और भगवान दास मोरवाल ने सृजन और आलोचना हकीकत या फसना? विषय पर चर्चा की। आलोचक की भूमिका में अनंत विजया ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में साहित्यकारों की संख्या 50 हजार तक ही रह गई है। न ही हिंदी के लेखन में शुद्धियां हैं न ही उसे लिखने का सलीका। यहां तक कि उन्होंने इस तरह का लेखन करने वाले साहित्यकारों को खरपतवार की संज्ञा दी। वहीं, साहित्यकार भगवानदास मोरवाल ने इसे शिक्षा व्यवस्था का दोष करार दिया। कार्यक्रम में मीडिया और मौजूद समय विषय पर शशि शेखर और संजीव पालीवाल ने विस्तृत चर्चा की। इस चर्चा में सवालों में मीडिया ही नहीं बल्कि न्यायपालिका और सरकार भी है। शशि शेखर ने कहा कि मीडिया को हमेशा सच को पेश करना चाहिए। कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर चर्चा की गई। इसमें कहा गया कि सोशल मीडिया का अपना एक प्रभाव है, जो बात मीडिया के माध्यम से रखने को नहीं मिलती उसे सोशल मीडिया पर लोग रखते हैं और फिर सोशल मीडिया का प्रभाव मीडिया पर भी दिखता है। यह बात अंतरराष्ट्रीय साहित्स उत्सव में भाग लेने पहुंचे शेहजाद पूनावाला ने कही। सोशल मीडिया द वॉयस ऑफ न्यू इंडिया विषय पर शेहजाद ने कहा कि सोशल मीडिया का सबसे सही इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। इस विषय पर तेजेंद्र पाल सिंह बग्गा ने भी अपनी बात रखी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App