चंबा में भाजयुमो ने निकाली बाइक रैली

By: Jun 19th, 2018 12:05 am

चंबा —केंद्र की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में युवा मोर्चा मंडल चंबा की ओर से सोमवार को मुख्यालय बाइक रैली निकाली गई। करियां से आरंभ हुई बाइक रैली पूरे शहर की परिक्रमा के उपरांत सर्किट हाउस परिसर के बाहर जाकर समाप्त हुई। सदर विधायक पवन नैयर ने करियां में बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर विधिवत तरीके से रवाना किया। इस मौके पर भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा भी विशेष तौर से मौजूद रहे। सदर विधायक पवन नैयर ने स्वयं भी बाइक रैली में हिस्सा लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस बाइक रैली के माध्यम से युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को आमजनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा ने कहा कि केंद्र सरकार की लोकप्रिय नीतियों के कारण भाजपा वर्ष 2019 में फिर से सत्तासीन होने की राह पर अग्रसर है। लोस चुनाव में भाजयुमो पार्टी प्रत्याशी की जीत में अहम भूमिका अदा करते हुए चुनाव प्रचार अभियान चलाकर लोगों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों से अवगत करवाकर वोट मांगेंगी। विनायक रैणा ने इस रैली के सफल आयोजन पर समस्त युवा मोर्चा मंडल चंबा के कार्यकर्ताओं का आभार भी प्रकट किया। सदर विधायक पवन नैयर ने भी कार्यकर्ताआें में जोश भरते हुए उन्हें अभी से लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाने को कहा। इस मौके पर चंबा भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव संजीव सूरी, युवा मोर्चा चंबा के अध्यक्ष राकेश कुमार व महामंत्री राजन चौधरी के अलावा काफी तादाद में युवा मोर्चा के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App