जन्मदिन के बहाने शक्ति प्रदर्शन

By: Jun 22nd, 2018 12:05 am

वीरभद्र सिंह के बर्थ-डे पर मीडिया विशेष रूप से आमंत्रित, सुक्खू भी बुलाए

शिमला— पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जन्मदिवस कार्यक्रम इस दफा विशेष होगा। विशेष इसलिए क्योंकि इसमें होलीलॉज ने नेताओं को आमंत्रित किया है। जन्मदिवस के बहाने कांग्रेस के कद्दावर नेता शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं, जिसके चलते कांग्रेस के सभी नेताओं को होलीलॉज का बुलावा आया है। इस आमंत्रण में कांगे्रस के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू भी शामिल हैं, जिनको भी विशेष रूप से यहां बुलाया गया है। हालांकि कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं है, मगर इस महा आयोजन से कुछ दूसरे ही संकेत देने की कोशिशें भी हो रही हैं। वैसे वीरभद्र सिंह के जन्मदिन के मौके पर उनके समर्थक यहां बड़ी संख्या में खुद-ब-खुद इकठ्ठे होते हैं, लेकिन यह पहला मौका है कि होलीलॉज से सभी को निमंत्रण दिए जा रहे हैं। इस बार खास बात यह भी है कि मीडिया को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनको ई-मेल पर आमंत्रण के साथ व्हाट्सऐप पर भी बुलावा भेजा गया है। यहां जन्मदिन के मौके पर हॉली लॉज में खासी धूम मचेगी। अब कौन-कौन नेता यहां पर पहुंचते हैं ये देखने की बात है, क्योंकि वीरभद्र सिंह के हाल ही के दौरों में उनके अपने समर्थक भी शामिल नहीं हुए, जिसे कांग्रेस के दूसरे धड़े ने खूब भुनाया। वे समर्थक, जो कि वीरभद्र सिंह के अंग संग रहते थे, आज उनसे छिटकते हुए नजर आ रहे हैं और दूसरी तरफ यही लोग संगठन की बैठकों में सुक्खू के साथ दिखने लगे हैं। ऐसे में अब वीरभद्र सिंह के सामने खड़े चैलेंज  से वह कैसे पार पाएंगे ये देखना होगा। वैसे यहां उनके जन्म दिन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है और उनके समर्थकों ने यहां बड़ी धाम का आयोजन कर रखा है। इसमें प्रदेश भर से नेताओं और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है, जहां वीरभद्र सिंह का दमखम साफ दिखेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App