जेपी नड्डा ने की पर्वतारोही डिक्की डोलमा से मुलाकात

By: Jun 25th, 2018 12:05 am

मनाली —केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के क्षेत्र में एक लंबी छलांग लगाई है। लोगों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास की भावना बढ़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा संपर्क फॉर समर्थन अभियान के अंतर्गत सबसे कम उम्र में माउंट एवरेस्ट फतेह करने वाली पर्वतारोही डिक्की डोलमा से भेंट करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महागठन से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। भाजपा विकास के दम पर देश में एक बार फिर सत्तासीन और देश को बुलंदियों तक ले जाएगी। उन्होंने डिक्की डोलमा के परिवार संग भी समय बिताया और बातचीत की। इससे पहले नड्डा का स्नो फलैग होटल में पारंपरिक स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री ने स्कीईंग में देश का नाम रोशन करने वाली रोशन ठाकुर की बेटी आंचल ठाकुर के घर में भी दस्तक दी और आंचल ठाकुर को भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने आंचल के माता-पिता संग भी वार्तालाप किया और बेटी की यथा संभव मदद करने का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अशोक ठाकुर के घर भी दस्तक दी और उनके साथ बातचीत की। केंद्रीय मंत्री के साथ सांसद रामस्वरूप, बंजार के विधायक सुरेंद्र सौरी, जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवा राज बौद्ध, एसडीएम मनाली रमन घरसंगी, डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा, सीएमओ सुशील भाजपा महामंत्री अखिलेष कपूर व अन्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App