डिपो में अगले महीने से मिलेगी सस्ती चीनी

By: Jun 22nd, 2018 12:05 am

धर्मशाला – खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने राजनीति को समाज सेवा का सशक्त साधन बताते हुए कहा कि वे गरीबों एवं जरूरतमंदों के जीवन में व्यापक सुधार लाने के लिए ईमानदारी एवं समर्पण से काम में जुटे हैं। आम नागरिकों की सुख-समृद्धि एवं उनके उत्थान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गुरुवार को धर्मशाला में समाजसेवी संस्था जन चेतना द्वारा आयोजित परस्पर संवाद कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति मंत्री ने शिरकत की। धर्मशाला के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बातचीत के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति मंत्री ने जन चेतना संस्था के सदस्यों के विकास संबंधी विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सस्ता किंतु उच्च गुणवत्तायुक्त राशन उपलब्ध करवाने के लिए 220 करोड़ रुपए व्यय कर रही है।  किशन कपूर ने कहा कि सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेय बनाने के लिए नवीन तकनीकी के उपयोग पर जोर दे रही है। करीब आठ करोड़ रुपए व्यय कर पीओएस मशीनों की खरीद की गई है और ये सभी डिपुओं पर उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बने। खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों में दालों के रेट में भी प्रति किलो पांच रुपए की कटौती की गई है। अगले महीने से प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों में चीनी भी वर्तमान मूल्य से पांच रुपए प्रति किलो और सस्ती मिलेगी। सरकारी एजेंसियों से दालें व चीनी की खरीद से सरकार को 78 करोड़ की बचत हुई है।  इस मौके संस्था के अध्यक्ष ब्रिगेडियर नसीब राणा ने खाद्य आपूर्ति मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, मनोनीत पार्षद राजेंद्र सिंह एवं अन्य पार्षदगण, जन चेतन संस्था के सचिव सुभाष शर्मा सहित संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App