नशे के खिलाफ  दौड़ेगी राजधानी

By: Jun 24th, 2018 12:05 am

शिमला —हिमाचल में भी मादक द्रव्यों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ने लगा है। नशे की चपेट में खासकर युवा वर्ग आ रहा है। इसके चलते पुलिस विभाग शिमला में हाफ मैराथन का आयोजन कर रहा है। इस दौड़ के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया जाएगा। लोगों, खासकर युवाओं को नशे से विनाशकारी प्रभाव से दूर रखने के लिए मकसद से पुलिस एक जागरुकता दौड़ शिमला में आयोजित करवा रहा है। नशा निषेध दिवस के उपलक्ष्य में हाफ मैराथन रविवार को होगी। पुलिस विभाग द्वारा यह मैराथन सुबह सात बजे आयोजित की जाएगी। पुलिस महानिदेशक एसआर मरढ़ी इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विजेताओं को पुस्कृत करेंगे। यह दौड़ तीन वर्गों में करवाई जा रही है। इसमें 21.5 किमी की हाफ मैराथन होगी जो कि रिज मैतान से मशोबरा फैयरलांज के समीप तक और वहां से वापस रिज मैदान तक होगी। 10 किमी की मिनी मैराथन रिज मैदान से संजौली और वहां से वापस शिमला रिज मैदान तक होगी। वहीं  3 किमी लंबी ड्रीम रन रिज मैदान से छोटा शिमला राजभवन तक होगी।  पुलिस विभाग की ओर से हाफ मैराथन के विजेता को 25 हजार रुपए,  मिनी मैराथन के विजेता को 11 हजार के पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके ड्रीम रन के विजेताओं को को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौड़े में शामिल होने वाले उपविजेताओं को भी उचित पुरस्कार प्रदान दिए जाएंगे। इसके लिए पुलिस विभाग ने रजिस्ट्रेशन बीते 11 जून से शुरु कर दिया था। शनिवार शाम तक इसके लिए पुलिस विभाग के पास 2248 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कर लिया था। इसमें सबसे ज्यादा 1433 लोगों ने ड्रीम रन के लिए रजिस्ट्रेशन किया। मिनी मैराथन के लिए 621 लोगों ने और हाफ मैराथन के लिए 194 लोगों ने रजिट्रेशन किया। माना जा रहा है कि रविवार को सुबह भी कुछ  और रोज इसके लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऐसे में इसमें हिस्सा लेने वालों की तादाद और भी बढ़ने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पुलिस विभाग द्वारा नशा निषेध सप्ताह का आयोजन बीते 20 जून से किया जा रहा है। इसके तहत विभाग द्वारा स्कूली बच्चों और अन्य लोगों के लिए जागरुकता कार्यक्त्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस विभाग द्वारा 26 जून को रिज मैदान पर एक नशा निषेध रैली का भी आयोजन किया जाएगा।  इसमें स्कूली बच्चों सहित अन्य प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस तरह आम लोगों और युवाओं में नशे के बारे में विभाग द्वारा जागरुकता पैदा की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App