पुलिस के खिलाफ हल्ला बोल 

By: Jun 6th, 2018 12:07 am

डंगोली में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत के बाद बवाल, गिरफ्तारियां न होने पर बिफरे लोग

ऊना – ऊना थाना के अंतर्गत कुछ दिन पहले कथित तौर पर नशे की ओवरडोज से रविंद्र कुमार निवासी डंगोली की मौत होने के बाद अन्य लोगों की गिरफ्तारियां नहीं होने के चलते ग्रामीण उग्र हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी है। हालांकि पुलिस की ओर से दो लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। लेकिन अन्य लोग अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर ही हैं। जिसके चलते स्थानीय लोग भड़क गए हैं। मंगलवार को डंगोली के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी है कि इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को तीन दिनों के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों का आरोप है कि इस मामले में फरार आरोपी सत्ताधारी दल के एक नेता के करीबी हैं। इसके चलते इन आरोपियों को गिरफ्तार करने में ढील बरती जा रही है। मृतक किशोर के पिता कुलदीप सिंह ने कहा है कि उनके बेटे की मौत को करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन मामलें में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के सभी आग्रह किया है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। उधर, इस दौरान जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं कुटलैहड़ कांग्रेस नेता विवेक शर्मा ने कहा नशा माफिया को खत्म करने वाले नेता आज इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पास तो इस बात के भी प्रमाण हैं कि आरोपी मौजूदा सरकार के साथ संबध रखता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए। उधर, इस बारे में पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जल्द ही पुलिस अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करेगी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App