पेट्रोल-डीजल होंगे सस्ते

By: Jun 22nd, 2018 12:07 am

सऊदी अरब बढ़ाएगा कच्चे तेल का उत्पादन, भारत को फायदा

नई दिल्ली— कच्चे तेल में भारी उछाल से परेशान भारत समेत एशियाई देशों को सस्ता कच्चा तेल मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। दरअसल, वियना में चल रही उत्पादक देशों के संगठन ओपेक की बैठक में सऊदी अरब ने कच्चे तेल का उत्पादन रोजाना दस लाख बैरल बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। तेल आपूर्ति बढ़ाने का विरोध कर रहे ईरान का रुख भी नरम पड़ गया है। इससे पेट्रोल-डीजल में भी अगले कुछ दिनों में राहत मिल सकती है। ओपेक के नेतृत्वकर्ता सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री खालिद अल फालिह ने गुरुवार को कहा कि दुनिया में 2018 की दूसरी छमाही में तेल आपूर्ति में कमी हो सकती है, ऐसे में बाजार पर दबाव से बचाने के लिए ओपेक देशों को उत्पादन बढ़ाने की जरूरत है। आस्ट्रिया की राजधानी वियना स्थित ओपेक के मुख्यालय में फालिह ने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

घटेंगे दाम, महंगाई से मिलेगी राहत

ओपेक देशों का तेल उत्पादन बढ़ने से कच्चे तेल के दाम नीचे आएंगे, जिससे भारत को भी राहत मिलेगी। पिछले एक साल में कच्चे तेल का दाम 40 फीसदी से ज्यादा बढ़ चुका है, इससे भारत का व्यापार घाटा और चालू खाते का घाटा बढ़ गया है। महंगाई ने भी इससे उछाल मारा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App