प्रशिक्षु महिलाएं शंकर सिंह के साथ

By: Jun 24th, 2018 12:02 am

बोलीं, परिवहन मंत्री से मिलकर बताएंगी सारा घटनाक्रम

हमीरपुर— हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष के साथ हमीरपुर में शुक्रवार को हुए घटनाक्रम का यहां की महिला प्रशिक्षु कंडक्टर्ज ने विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि वे जल्द ही परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से मिलेंगी और इसके बारे में बात करेंगी, साथ ही उन्हें इस घटनाक्रम के पीछे क्या वजह रही, इसके बारे में भी अवगत करवाएंगी। बता दें कि विरोध करने वाली इन महिला प्रशिक्षुओं में एक महिला कंडक्टर वह भी है, जिसकी प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर के साथ हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। उस ऑडियो में प्रदेशाध्यक्ष के साथ चप्पल मारने वाली उस महिला का जिक्र भी किया गया था। जानकारी के अनुसार महिला प्रशिक्षु कंडक्टर सोनू वर्मा ने बताया कि हमीरपुर डिपो में मेरे अलावा तैनात रंजना, तृप्ता, सुषमा, शबीना और कल्पना प्रदेशाध्यक्ष के साथ हुए इस घटनाक्रम का विरोध करती हैं। उन्होंने कहा कि यह एक शर्मनाक हरकत है। उन्होंने कहा कि शंकर सिंह समय-समय पर उनकी मांगें उठाते रहे हैं। हम इस घटना का विरोध करती हैं और इसकी निंदा करती हैं। अगर इन दोनों महिला प्रशिक्षुओं को कोई परेशानी थी, तो वे बैठकर इस बारे में बात कर सकती थीं, लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया और ऐसी घटना को अंजाम दिया, जिससे हमें भी शर्मसार होना पड़ रहा है। हमने प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह से भी मांग की है कि यह जो घटना हुई है, इसका पर्दाफाश होना चाहिए। शुक्रवार को हमीरपुर में एचआरटीसी कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर पर स्वागत समारोह के दौरान एक महिला ने चप्पल मार दी थी। बरहराल, प्रशिक्षु कंडक्टर शंकर सिंह के पक्ष में उतरी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App