बंजार को हेलिपैड, बस डिपो जल्द

By: Jun 24th, 2018 12:10 am

 मनाली —केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए 4365 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जो न केवल लोगों का कल्याण सुनिश्चित करेंगे, बल्कि राज्य की आर्थिकी को भी मजबूत करेंगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार कुल्लू के बंजार में दी। उन्होंने घोषणा की कि बंजार में हेलिपैड और एचआरटीसी सब-डिपो का निर्माण किया जाएगा, ताकि आपातकाल के दौरान क्नेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इससे सैलानियों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उदारता व हितैषिता प्राप्त है। पिछली सरकार केंद्र्र से परियोजनाएं स्वीकृत करवाने में विफल रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र तथा राज्य सरकार प्रदेश के कल्याण तथा विकास के लिए गहन तालमेल के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा के चारों सांसद राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन बंजार अभी तक अछूता है और इसकी क्षमता का पूरी तरह दोहन नहीं किया गया है। बंजार के लोगों ने इस बार सुरेंद्र्र शौरी के रूप में एक युवा तथा ईमानदार नेता को चुना है और क्षेत्र विकास के मामले में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार राज्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत की गई 69 परियोजनाओं की डीपीआर तक बनाने में विफल रही। वर्तमान सरकार ने अपने इस कार्यकाल में 53 डीपीआर की निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के 21 राज्यों में भाजपा तथा इसके गठबंधन की सरकारें हैं। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App