बड़ी बहन के घर रहेंगी मां शूलिनी

By: Jun 22nd, 2018 12:07 am

सोलन की अधिष्ठात्री मां शूलिनी की नगर शोभायात्रा से आज शुरू होगा मेला

सोलन – देवभूमि के पारंपरिक एवं प्रसिद्ध मेलों में मां शूलिनी मेले का अपना एक अलग ही स्थान है। यह राज्य स्तरीय मेला 22 से 24 जून तक सोलन के ऐतिहासिक ठोड़ो मैदान में बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान मां शूलिनी अपने स्थान से पालकी में शहर की परिक्रमा करने के बाद अपनी बड़ी बहन मां दुर्गा से मिलने पहुंचेगी और तीन दिनों तक लोगों के दर्शनार्थ वहीं विराजमान रहेंगी। मेले का इतिहास बघाट रियासत से जुड़ा हुआ है। मां शूलिनी बघाट रियासत के शासकों की कुल देवी मानी जाती है और मां शूलिनी देवी के नाम से ही सोलन का नामकरण हुआ है। बारह घाटों से मिलकर बनने वाली बघाट रियासत की नींव राजा बिजली देव ने रखी थी। शुरुआत में रियासत की राजधानी जौणाजी हुआ करती थी, उसके बाद कोटी को राजधानी बनाया गया और अंत में इस रियासत की राजधानी सोलन बनी। राजा दुर्गा सिंह इस रियासत के अंतिम शासक थे। रियासत के विभिन्न शासकों के काल से ही माता शूलिनी का मेला आयोजित किया जा रहा है। मान्यता के अनुसार बघाट के शासक अपनी कुल देवी की प्रसन्नता के लिए प्रतिवर्ष मेले का आयोजन करते थे। लोगों का मानना है कि मां शूलिनी के प्रसन्न होने पर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा व महामारी का प्रकोप नहीं होता है बल्कि खुशहाली आती है और मेले की यह परंपरा आज भी कायम है।

शोभायात्रा से होगी शुरुआत

मेले का शुभारंभ मां शूलिनी की भव्य शोभायात्रा के साथ होता है। इस शोभायात्रा में मां की पालकी को शहर में घुमाया जाता है। इसमें विभिन्न धार्मिक झांकियां भी निकाली जाती हैं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों व लोक धुनों के बीच जब माता की पालकी शहर में  निकलती है तो दृश्य देखते ही बनता है।

दुल्हन की तरह सजा शहर

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मेले के लिए शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शहर के पुराने बस स्टैंड से मालरोड और उपायुक्त चौक से मेला स्थल ठोडो ग्राउंड के दोनों ओर बिजली की चमचमाती लडि़यां लगाई गई हैं। इन लाइटों से रात के समय शहर का नजारा देखते ही बनता है। वहीं, मां शूलिनी के दरबार को भी भव्य रूप से सजाया गया है। प्रशासन ने भी अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मेला स्थल पर लगने वाले स्टालों के लिए भी स्थान चिन्हित कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री  होंगे मुख्यातिथि

आज से शुरू हो रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेले का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। वह दोपहर दो बजे मां शूलिनी की पूजा-अर्चना कर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा वे खेलों का शुभारंभ और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का उद्घाटन भी करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App