भाजपा की छोड़ो…पहले कांग्रेस को जोड़ो

By: Jun 19th, 2018 12:05 am

विधायक सुभाष ठाकुर का वार, पार्टी में खुद दरार कर रहे  पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह

बिलासपुर -सदर बिलासपुर हलके के विधायक सुभाष ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रति की गई टिप्पणी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला किया है। उन्होंने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा के 44 विधायकों ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री चुना है। उनके खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी करके वीरभद्र सिंह प्रदेश की जनता का अपमान कर रहे हैं। जहां तक उम्र और अनुभव की बात है, तो जयराम ठाकुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहने के साथ ही कई बार मंत्री भी रह चुके हैं, जिस समय वीरभद्र सिंह पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, उसकी तुलना में जयराम ठाकुर के पास उनसे अधिक अनुभव है। सुभाष ठाकुर ने कहा कि वह आने वाले कई सालों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहेंगे। जहां तक लोकसभा चुनाव की बात है तो इस बार भी भाजपा प्रदेश की चारों सीटें जीतेगी और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनेगी। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और वीरभद्र सिंह इसके छेद को और अधिक बड़ा कर रहे हैं। एक ओर वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू को पद से हटाने की जिद कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक रामलाल ठाकुर की भी अनदेखी की। सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए सुभाष ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के ये बड़बोले नेता झूठ बोलने में माहिर हैं। उनके हर पैंतरे को लोग बखूबी पहचान चुके हैं। बिलासपुर में अवैध कब्जे और नशा माफिया कांग्रेस की ही देन है।

कोलडैम योजना जल्द शुरू होगी

विधायक के अनुसार जहां तक विकास कार्यों की बात है तो बिलासपुर में एम्स तथा हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज जैसे बड़े प्रोजेक्ट भाजपा की ही देन हैं। जिला में अब पानी की भी कोई समस्या नहीं है। हालांकि लोगों को पर्याप्त पानी मिल रहा है, लेकिन यदि कहीं कोई कमी है तो जल्द ही कोलडैम पेयजल योजना से वह भी दूर हो जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App