भाजपा ने दिग्गी को बताया हिंदू विरोधी

By: Jun 21st, 2018 12:02 am

कहा, कांग्रेस नेता ने आतंकी कहकर किया देश का अपमान

नई दिल्ली— दिग्विजय के विवादित बयानों पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने दिग्विजय पर करारा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिग्विजय सिंह को हिंदू विरोधी बताया है। पात्रा ने कहा कि हम कांग्रेस से मांग करते हैं कि वह दिग्विजय सिंह को अपनी पार्टी से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने देश के करोड़ो हिंदुओं की आस्था पर चोट पहुंचाई है। दिग्विजय सिंह ने देश के हिंदुओं को आतंकी कहा है। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। पात्रा ने दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता हिंदू आतंकवाद की बात कर रहे हैं और यह सब लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के कोर एजेंडे में शामिल है। पात्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह के इस बयान को बीजेपी ने गंभीरता से लिया है। मध्य प्रदेश में चुनाव आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इस तरह का बयान कांग्रेस के कोर एजेंडे को दिखाता है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है। यह दुखद है कि दिग्विजय फिर इस तरह का बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने यह खुलासा किया कि कांग्रेस यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान हिंदू आतंकवाद का फ्रेज गढ़ने का काम करती थी और इसे कोर्ट में साबित करने की कोशिश भी की, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया, जब हमने इसके लिए उनसे माफी मांगने को कहा तो उन्होंने ऐसा नहीं किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App