मंदिरों के लिए मशहूर माउंट आबू

By: Jun 3rd, 2018 12:05 am

इस मौसम में किसी हिल स्टेशन की तलाश कर रहे हैं, तो राजस्थान का माउंट आबू आपके लिए बेहतर विकल्प है। एक से बढ़ कर एक ऐतिहासिक किलों और रेगिस्तान के लिए प्रसिद्ध राजस्थान में एक हिल स्टेशन भी है,जो इस मौसम में पर्यटकों की खास पसंद बन जाता है। यह हिल स्टेशन है माउंट आबू। समुद्रतल से 1220 मीटर की ऊंचाई पर स्थित आबू अरावली रेंज के शिखर पर है यह हिल स्टेशन। इसकी इस खूबी ने इसे कभी राजपूत रॉयल फैमिली का समर रिजॉर्ट बना दिया था और बाद में अंग्रेजों का। धीरे-धीरे यहां की अनेक विशेषताएं उभरती गईं और यह एक धार्मिक केंद्र के रूप में भी पहचान पा गया। यहां जैन और हिंदू धर्म के अनेक मंदिर हैं। इस हिल स्टेशन पर एक बेहद प्रसिद्ध नक्की लेक भी है। मान्यता है कि देवताओं ने अपने नाखूनों से इस लेक की खुदाई की थी।

युवाओं में भी लोकप्रिय

जयपुर से लगभग 500 किलोमीटर और दिल्ली से लगभग 760 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह हिल स्टेशन लगभग 25 वर्ग किलोमीटर में फैला है। यहां के प्रमुख आकर्षणों में प्रसिद्ध नक्की लेक, 11वीं से 13वीं शताब्दी के बीच चालुक्य राजाओं के संरक्षण में बना दिलवाड़ा  जैन मंदिर, गौमुख मंदिर, आधार देवी मंदिर, श्रीरघुनाथजी मंदिर, अशोक वाटिका, गांधी पार्क और शैतान सिंह पार्क आदि हैं, जबकि आसपास भी अनेक दर्शनीय स्थल हैं। यहां के सनसेट प्वाइंट और हनीमून प्वाइंट खासकर युवाओं को खूब भाते हैं।

नक्की लेक है खास पहचान

देवताओं द्वारा तैयार नक्की लेक यहां का सबसे प्रमुख आकर्षण है। लगभग एक किलोमीटर लंबी और 500 मीटर चौड़ी यह लेक अपनी अनेक विशेषताओं के कारण पर्यटकों का मन मोह लेती है। आप यहां बोटिंग का तो लुत्फ  उठा ही सकते हैं, यहां के रेस्तरां में तरह-तरह के लजीज व्यंजनों का भी आनंद ले सकते हैं। शाम के समय लाइटिंग के बाद यहां का नजारा ही अनोखा होता है। आप यहां लेक के किनारों से लेकर आसपास की दुकानों तक घंटों खाते-पीते घूमते-फिरते बिता सकते हैं और इस हिल स्टेशन का खूब आनंद उठा सकते हैं।

एक से बढ़ कर एक मंदिर हैं यहां

यहां आएं और दिलवाड़ा जैन मंदिर व विमल वसाही मंदिर का दर्शन न करें, तो यहां की यात्रा अधूरी मानी जाएगी। दिलवाड़ा मंदिर 11वीं से 13वीं सदी के बीच निर्मित है, जबकि विमल व साही यहां का प्राचीनतम मंदिर है। इसका निर्माण 1031 में करवाया गया था। यह मंदिर आदिनाथ को समर्पित है। पार्क और बागीचों की खूबसूरती देख कर आपके मन में एक बार यह सवाल जरूर पैदा होगा कि क्या यह राजस्थान ही है। कैसे पहुंचें

माउंट आबू का नजदीकी हवाई अड्डा उदयपुर है, जो 185 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां का नजदीकी रेलवे स्टेशन आबू रोड है, जो इस शहर से सिर्फ  28 किलोमीटर है। जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई आदि से यहां के लिए रेलगाडियों की अच्छी सेवा उपलब्ध है। अगर आप बस से यहां आना चाहें तो दिल्ली समेत तमाम प्रमुख शहरों से यहां के लिए बस सेवा उपलब्ध है। ठहरने के लिए राजस्थान टूरिज्म के होटल तो हैं ही, तमाम श्रेणी के निजी होटल ओर धर्मशालाएं भी यहां मौजूद हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App