रक्कड़ में पैरपिट से टकराई कार

By: Jun 23rd, 2018 12:05 am

नादौन  —उपमंडल के तहत कार दुर्घटना में एक परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। हादसे में घायल एक वृद्धा को टांडा रैफर किया गया है। वहीं, अन्य का उपचार नादौन अस्पताल में किया गया। बताया जा रहा है कि परिवार घर के वृद्ध की अस्थियां ब्यास में प्रवाहित करने के बाद लौट रहा था। कार अनियंत्रित होकर पैरापिट से जा टकराई। यह हादसा नादौन-अंब मार्ग पर रक्कड़ के पास हुआ। दीप कुमार (48) निवासी गांव स्पाहल चौरी ने बताया कि उसके पिता की मौत चार दिन पूर्व हुई थी। उनकी अस्थियां ब्यास में प्रवाहित कर वह अपनी पत्नी वीना देवी, माता भोटां देवी तथा बहनोई ईश्वर दास के साथ वापस घर आ रहे थे। रक्कड़ के पास उनकी कार (एचपी-67-4264) सड़क के किनारे पैरापिट से टकरा गई। इस कारण चारों कार सवार बुरी तरह घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में उसकी माता भोटां देवी के सिर पर गहरी चोट आई है। घायलों को आसपास के लोगों ने 108 एंबुलेंस द्वारा नादौन अस्पताल पहुंचाया। डा. बीएस राणा ने बताया कि अन्य घायलों का उपचार नादौन में ही चल रहा है, जबकि भोटां देवी को टांडा रैफर किया गया है। थाना प्रभारी रक्कड़ सुरेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App