राजू की बांसुरी से बहता है सुकून

By: Jun 4th, 2018 12:06 am

सोलन के कलाकार के हुनर का हर कोई कायल, सोशल मीडिया पर छाए

नौणी – प्रतिभा कभी किसी की मोहताज नहीं होती। कलाकार अपना हुनर तराशने व सपनों को पूरा करने के लिए कोई न कोई रास्ता ढूंढ ही लेता है। सोलन के निजी अस्पताल में कार्यरत राजू की बांसुरी की धुन का हर कोई दीवाना है। पूरे क्षेत्र व सोशल मीडिया पर राजू फ्लूटिस्ट के नाम से मशहूर हैं। 35 वर्षीय राजू देश के कोलकाता, ओडिशा, दिल्ली व जयपुर सहित विभिन्न राज्यों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।   राजू बांसुरी से अनेकों धुन बजा लेते हैं। पहाड़ी गाने, हिंदी व अन्य गानों में भी राजू बांसुरी बजा लेते हैं। ‘दिव्य हिमाचल मीडिया गु्रप’ से विशेष बातचीत के दौरान राजू ने बताया कि वह छह साल की उम्र से बांसुरी बजा रहे हैं। गांव में उन्हें नन्हे कृष्ण कहकर बुलाया जाता था। राजू ने बताया कि वह दूरदर्शन व कई कार्यक्रमों में बतौर कलाकार काम कर चुके हैं। वह मुकलांत हिनर चायल से संबंध रखते हैं। माता-पिता के देहांत के बाद उन्हें काफी कशमकश करनी पड़ी। पैसों के अभाव व घर की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अपने सपनों को रोकना पड़ा। राजू ने कहा कि वह अपने शौक को लोगों को मुफ्त में बांसुरी बजाना सिखाकर पूरा कर रहे हैं। वह प्रदेश के जाने-माने कलाकार जियालाल ठाकुर, परमानंद कश्यप व चंद्र मोहन के साथ काम कर चुके हैं। राजू आए दिन सोशल मीडिया पर अपनी बांसुरी बजाते हुए वीडियो अपलोड करते हैं। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रियता मिल रही है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App