रोहतांग में बनेगा हेलिपैड

By: Jun 24th, 2018 12:04 am

अधिकारियों के दल ने की हवाई रैकी, जंजैहली- शिकारी देवी होंगे विकसित

शिमला— सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण कुल्लू जिला के रोहतांग में हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा। शनिवार को प्रदेश के मुख्य सचिव विनीत चौैधरी और अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन राम सुभग सिंह के साथ अधिकारियों के एक दल ने पर्यटन की दृष्टि से संभावनाएं तलाशने को हवाई रैकी की। इस दल ने कांगड़ा, शिमला व  मंडी जिला की तीन ग्रामीण घाटियों को विश्व स्तर पर पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए संभावनाएं देखीं। रोहतांग टॉप पर हेलिपैड बनाने के लिए  अधिकारियों की इस टीम ने एक स्थान का चयन कर लिया है,जिसे जल्दी ही विकसित किया जाएगा। मंडी जिला के जंजैहली व शिकारी देवी    के बीच तीन से साढ़े तीन किलोमीटर एरिया में रोप-वे के निर्माण का भी निर्णय लिया गया है। यहां पर्यटन विकास की बेहद संभावनाएं देखी गई हैं। लोग न  केवल इस रोप-वे से धार्मिक पर्यटन से जुड़ेंगे बल्कि साहसिक पर्यटन गतिविधियों को भी यहां पर बढ़ावा मिलेगा। बताया जाता है कि 28 करोड़ रूपए की लागत से इस क्षेत्र में पहले ही इको टूरिज्म का एक प्रोजेक्ट भी मंजूर हो चुका है। इससे यहां पर नए ट्रैकिंग स्थल बनाए जाएंगे इसी तरह से शिमला जिला की चांशल घाटी में 12 हजार फुट ऊंचाई पर पैराग्लाइडिंग व स्कीइंग को प्रोत्साहित करने की भी योजना है। बता दें कि सरकार पर्यटन विकास के लिए नई मंजिल नई राहें नामक एक प्रोेजेक्ट शुरू करने जा रही है, जिसके तहत अनछुए पर्यटक स्थलों को विकसित किया जाएगा। इसके तहत चांशल घाटी  में भी 5 से सात किलोमीटर एरिया तक पैराग्लाइडिंग व स्कीइंग स्लोप डिवलप करने की सोची गई है जिस पर सरकार ने काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों  ने बीड़ बिलिंग में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को और अधिक बढ़ाने का निर्णय लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App