सुजानपुर के विकास पर भारी पड़ रहे आर्डर

By: Jun 19th, 2018 12:05 am

 सुजानपुर  —सुजानपुर में काम करने वाले उपमंडलाधिकारी का तबादला कर दिया जाता है। ऐसा एक बार नहीं, बार-बार देखने को मिला है। जब भी कोई अधिकारी शहर की किसी समस्या को सुलझाने की कोशिश करता है, उसी दौरान फरमान सामने आता है कि उपमंडलाधिकारी का तबादला हो गया। ऐसे तबादलों ने सुजानपुर शहर की समस्याएं जो हल होने के करीब पहुंचती हैं, उन पर पूरी तरह पानी फेर दिया है। इन तबादलों में सबसे हैरानी की बात यह है कि दोनों ही सरकारें भाजपा व कांग्रेस एक ही इरादा लेकर ऐसे कार्य को अंजाम देती हैं। बहरहाल सुजानपुर शहर से उपमंडलाधिकारी सुजानपुर वीरेंद्र शर्मा का तबादला कर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हमीरपुर का कार्यभार सौंपा है। उनके स्थान पर शिव देव सिंह सुजानपुर में बतौर उपमंडल अधिकारी अपनी सेवाएं देंगे। शिव देव सिंह इससे पहले सुजानपुर में तहसीलदार पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में उन्हें सुजानपुर का खासा अनुभव है। पुराने उपमंडलाधिकारियों के छोड़े गए कार्यों को कितना पूरा करते हैं, समस्याओं का समाधान कितना होता है, यह तो देखने वाली बात होगी, लेकिन सुजानपुर उपमंडल पर दोनों ही सरकारों ने एक प्रश्न लाकर खड़ा कर दिया है कि सुजानपुर शहर का जो भी अधिकारी शहर की किसी समस्या को हल करने की कोशिश करेगा, उसका तबादला कर दिया जाएगा। बताते चलें कि पूर्व में रही कांग्रेस सरकार के दौरान उस समय के उपमंडलाधिकारी के पद पर बलवान चंद मंडोत्रा ने सेवाएं देना शुरू की थीं। उन्होंने शहर की पुरानी एवं आवश्यक मांग, जिसमें शहर में विस्थापित सभी खोखा एवं रेहड़ी धारकों को खोखे बनाकर देने का कार्य करना प्रारंभ किया था। इस कार्य को उन्होंने मूल रूप तक पहुंचा भी दिया था। भूमि स्थानांतरण कार्य से लेकर शिलान्यास प्रक्रिया को भी उन्होंने पूरा करवाया था, लेकिन यह कार्य उस समय की कांग्रेस सरकार को पसंद नहीं आया और उन्होंने उनका तबादला करवा दिया। उसके बाद विजय कुमार धीमान ने सुजानपुर उपमंडल में बतौर उपमंडलाधिकारी सेवाएं देना प्रारंभ की। उन्होंने भी सुजानपुर शहर के ज्वलंत मुद्दों को सुलझाने की कोशिश की, जिसमें मुख्यता सुजानपुर शहर में वन-वे योजना को लागू करना आदि प्रमुख कार्य किए थे, लेकिन उसके बाद उनका तबादला कर दिया गया। वर्तमान में सेवाएं दे रहे उपमंडल अधिकारी वीरेंद्र शर्मा ने भी शहर की अत्यंत महत्त्वपूर्ण एवं जरूरतमंद कार्य को करने का बीड़ा उठाया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App