हरियाणा के खिलाडि़यों को मिलेगी पूरी इनामी राशि

By: Jun 23rd, 2018 12:02 am

चंडीगढ़— कॉमनवैल्थ गेम्स के पदक विजेता सभी खिलाडि़यों को पूरी सम्मान राशि दी जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने खेल विभाग की फाइल को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसकी जानकारी हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को ट्वीट करके दी। पहले राज्य सरकार ने फैसला किया था कि जो खिलाड़ी विभिन्न मंत्रालयों की ओर से खेले हैं, उन्हें मंत्रालय से मिली अवार्ड राशि काटकर सम्मानित किया जाएगा। इसका विरोध होने पर सरकार को सम्मान समारोह भी रद्द करना पड़ा था। विरोध के बाद 10 जून को अनिल विज ने कहा था कि पूरी इनामी राशि देने के संबंध में फाइल मुख्यमंत्री को भेजी गई है। कॉमनवैल्थ गेम्स में प्रदेश के 38 खिलाडि़यों ने भाग लिया था। 22 ने मेडल जीते थे। इनमें 11 ने हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया, जबकि बाकी 11 विभिन्न मंत्रालयों या उपक्रमों की ओर से खेले थे। सरकार के इस आदेश के बाद अब दोबारा सम्मान समारोह होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App