हाईटेक होगा बिलासपुर का पुस्तकालय

By: Jun 21st, 2018 12:05 am

 बिलासपुर —सालों से उपेक्षा का दंश झेल रहे जिला पुस्तकालय (लाइब्रेरी) के दिन अब जल्द ही बहुरेंगे। बिलासपुर के इस पुस्तकालय को प्रदेश में आदर्श एवं हाईटेक तकनीक आधारिक बनाने के लिए 10 करोड़ का प्रारूप शीघ्र ही उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। उस ओर से बजट मंजूरी मिलने के बाद इसे आधुनिक रूप में तैयार करने के लिए कवायद शुरू की जाएगी। बुधवार को उपायुक्त विवेक भाटिया व स्थानीय विधायक सुभाष ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने बदहाल पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इसमें व्यापक सुधार करने के लिए केंद्र सरकार के भाषा एवं संस्कृति मंत्रालय को एक विस्तृत प्रारूप भेजा जा रहा है। विधायक सुभाष ठाकुर ने बताया कि वह इसमें खुद रुचि रखते हैं और सरकार के अधिकारियों व बिलासपुर कालेज प्रशासन को केंद्र सरकार के साथ संपूर्ण मामले को उठाने के आदेश दिए हैं और स्वयं भी उन्होंने केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय तथा संयुक्त सचिव (पुस्तकालय भारत सरकार) से इस मामले को उठाया है। जिसके परिणामस्वरूप 83 लाख रुपए के बजट को स्वीकृति मिली है। निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष आशीष ढिल्लो, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ईं. बीएन पराशर, कालेज की प्राचार्य प्रो. बीबी सांख्यान, डा. सुरेश सोनी, डा. सुंदर लाल ठाकुर, प्रो. विनोद व प्रो. सुरेश शर्मा आदि ने विधायक व डीसी को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App