हिमाचली नौजवान अब सेना में संभालेंगे कमान

By: Jun 11th, 2018 12:02 am

रे के कार्तिक सेना में लेफ्टिनेंट

फतेहपुर, ठाकुरद्वारा – उपमंडल फतेहपुर के तहत आने वाली पंचायत रे के गांव अगाहर के कार्तिक पठानिया ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर फतेहपुर के साथ पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। कार्तिक पठानिया के दादा नसीब सिंह भी भारतीय  सेना से सूबेदार पद से रिटायर्ड हैं। कार्तिक के पिता वरिंद्र पठानिया, बहादपुर स्कूल में बतौर प्रिंसीपल कार्यरत हैं, जबकि माता नीना रानी  गृहिणी हैं और कार्तिक की बहन एक कंपनी में काम करती है। कार्तिक का जन्म 21, अगस्त 1996 को हुआ था। उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई बीबीएमबी पब्लिक स्कूल तलवाड़ा से की। उसके बाद उनका चयन एनडीए में हो गया। कार्तिक अब भारतीय सेना की तोपखाना रेजिमेंट की लेह-लद्दाख में स्थित यूनिट में बतौर लेफ्टिनेंट अपनी सेवाएं देंगे।

कुंसल के रोहित ने चमकाया नाम

बैजनाथ – उपमंडल के कुंसल निवासी रोहित शर्मा ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर प्रदेश का क्षेत्र का नाम ऊंचा किया है। रोहित ने दसवीं तक की पढ़ाई माउंट कार्मल स्कूल बैजनाथ तथा ़जमा दो की पढ़ाई पालमपुर से पूरी की। उसके बाद 2014 में उनका एनडीए में चयन हो गया। पुणे तथा आईएमए देहरादून से टे्रनिंग पूरी करने के बाद रोहित अब लेफ्टिनेंट बन कर भारतीय सेना में 3-गे्रनेडियर लेह में सेवाएं देंगे। रोहित के पिता अश्विनी शर्मा भारतीय सेना के जोधपुर स्टेशन पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि माता कामना शर्मा गृहिणी हैं। रोहित की माता का कहना है कि उसके पति व बेटा भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिससे उन्हें गौरव महसूस होता है। रोहित के लेफ्टिनेंट बनने से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

भोरंज के सतीश आर्मी में अफसर

भोरंज – उपमंडल भोरंज के परोल गांव के निवासी सतीश वर्मा सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। इससे क्षेत्र भर में खुशी की लहर है। जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज के परोल गांव निवासी सतीश ने स्पेशल कमीशन पास कर यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पूर्व वह भारतीय सेना में एयर डिफेंस विंग में बतौर हवलदार कार्यरत थे। स्पेशल कमीशन पास कर वह अब लेफ्टिनेंट बन गए हैं। शनिवार को बिहार के गया में उनकी पासिंग आउट परेड हुई। इसमें उनके परिवार सदस्य भी मौजूद रहे। सतीश के पिता मिलाप चंद बंदोबस्त विभाग हमीरपुर में कार्यरत हैं। उनकी माता गृहिणी हैं और छोटा भाई कुवैत में नौकरी करता है। सतीश की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परोल से हुई। उन्होंने 11वीं की पढ़ाई भोरंज स्कूल से और 12वीं की पढ़ाई न्यू ईरा स्कूल कैहरवीं से की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों व गुरुजनों को दिया है। वहीं, उनकी इस उपलब्धि से उपमंडल भोरंज में खुशी का माहौल है।

सबसे कम उम्र में बने लेफ्टिनेंट

नेरवा – जिला सिरमौर की सीमा से सटी नौरा बौरा पंचायत के नौरा गांव के अरुण ने शनिवार को देहरादून आईएमए से पासआउट कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। समारोह में अरुण के पिता मान सिंह व माता देवकु देवी ने स्टार लगाकर यह औपचारिकता पूर्ण की। अरुण की इस उपलब्धि से ना केवल नौरा गांव, बल्कि तहसील कुपवी सहित पूरे उपमंडल चौपाल में खुशी का माहौल है। अरुण भारतीय सेना में यह पद हासिल करने वाला उपमंडल चौपाल का सबसे कम उम्र का युव ाबन गया है। अरुण ने यह उपलब्धि 26 साल की उम्र में हासिल की है। अपनी शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल लकड़ बाजार शिमला से पूरी कर अरुण ने 2012 में उसने आर्मी कैडेट कालेज में प्रवेश लिया। शनिवार को देहरादून आईएमए से पासआउट कर उसे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली है। अरुण का बड़ा भाई बलवीर भी सेना में अपनी सेवाएं दे रहा है।

गोपालपुर के अभिषेक हिसार में देंगे सेवाएं

सरकाघाट – उपमंडल सरकाघाट के गोपालपुर निकास खंड पंचायत के गोपालपुर गांव के अभिषेक पुरी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर आसीन हुए हैं। अभिषेक की मैट्रिक तक की शिक्षा गोपालपुर से हुई है। उसके बाद जमा दो की पढ़ाई हिम अकादमी हमीरपुर से हुई। अभिषेक ने चितकारा यूनिवर्सिटी से बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में वर्ष 2013 में  पास की। वर्ष 2015 में एनआईटी हमीरपुर से एमटेक की डिग्री हासिल की। तदोपरांत अभिषेक टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में सेवा करते रहे। अभिषेक ने फरवरी, 2017 में दी एसएसबी की परीक्षा उत्तीर्ण की और जुलाई, 2017 में आईएमए देहरादून में प्रवेश पाया। नौ जून को भारतीय सेना के कार्प्स ऑफ सिग्नल में कमिशंड आफिसर बने। उनकी प्रथम नियुक्ति हरियाणा के हिसार में हुई है। उनके पिता अश्विनी पुरी एनआईटी हमीरपुर में सहायक अभियंता इलेक्ट्रिक के पद पर आसीन हैं और माता रजनी पुरी गृहिणी हैं। इस सफलता पर दादा नंदलाल पुरी, सुभाष शर्मा, डा. बालम राम शर्मा आदि ने अभिषेक को बधाई दी है।

सुबाथू के हिमांशु का सपना हुआ साकार

सुबाथू  – जिला सोलन के छावनी क्षेत्र सुबाथू के गर्ल्स स्कूल के प्रिंसीपल के बेटे ने सेना में लेफ्टिनेंट बन कर जि़ला का नाम रोशन किया है। शनिवार को हिमांशु ठाकुर राजपूत आईएमए देहरादून से पासआउट होकर  गोरखा रेजिमेंट में शामिल हुए। हिमांशु ठाकुर ने अपनी दसवीं की पढ़ाई सोलन के दुर्गा पब्लिक स्कूल, जबकि जमा दो की शिक्षा सेंट ल्यूक स्कूल से हासिल की। हिमांशु ठाकुर ने खड़कवासला से एनडीए की टे्रनिंग की है। हिमांशु ठाकुर ने बताया की सेना में अफसर बनाना उनका सपना था। हिमांशु ने इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता व अध्यापकों को दिया है। हिमांशु ठाकुर के पिता नारायण सिंह राजपूत सुबाथू के एक सरकारी कन्या स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर हैं, वही माता मिथिलेश ठाकुर घर में हाउस वाइफ हैं। हिमांशु ठाकुर एक बहन दीक्षा ठाकुर दिल्ली में डाक्टर हैं। हिमांशु ठाकुर के पिता नारायण सिंह राजपूत ने बताया की हिमांशु बचपन से ही पढ़ाई और खेलकूद में होशियार था।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App