हिमाचल में नई खेल नीति जल्द

By: Jun 24th, 2018 12:07 am

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की घोषणा, रिज पर दौड़ को दिखाई हरी झंडी

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश भले ही छोटा राज्य है, लेकिन उसका नाम बड़ा है। चाहे किसी भी क्षेत्र में लें हिमाचल का नाम ऊंचा है और खेल जगत में भी प्रदेश के खिलाडि़यों ने यहां का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल नीति में बदलाव जरूरी है, जिसकी मांग भी लगातार आ रही है। इस पर सरकार विचार कर रही है और जल्द ही खिलाडि़यों के हित में नई नीति आएगी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को रिज मैदान पर अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में शिमला के विभिन्न स्कूलों के सैंकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटा राज्य होने के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने खेल क्षेत्र में बड़ा नाम अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के हमीरपुर जिला के विजय कुमार ने ओलंपिक खेलों में देश के लिए रजत मेडल जीता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के उभरते खिलाडि़यों के लिए हर सम्भव सुविधाएं प्रदान करेगी ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ खेल सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे, क्योंकि गांवों के बच्चे खेलों में काफी प्रतिभावान हैं। परिवहन, वन और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए कृतसंकल्प है।  ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भंडारी, मुख्यमंत्री की धर्म पत्नी डा. साधना ठाकुर, भाषा, कला व संस्कृति विभाग की सचिव पूर्णिमा चौहान, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की संयुक्त निदेशक सुमन रावत सहित अन्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

प्रदेश में बनाया जाए इंडोर स्टेडियम

ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश भंडारी ने मुख्यमंत्री से स्पोर्ट्स पालिसी में बदलाव की मांग उठाई है। इसके साथ ही उन्होंने जिला स्तर पर खेल मैदान व जिम्नेजियम सहित अन्य खेल संबंधी आधारभूत ढांचा उपलब्ध करवाने की भी गुहार लगाई। साथ ही संघ ने प्रदेश में इंडोर स्टेडियम के निर्माण की भी मांग उठाई।

ओलंपिक्स में इनका जौहर बेमिसाल

प्रदेश से शूटिंग में हमीरपुर के विजय, हॉकी में ऊना से चरणजीत सिंह, दीपक, बॉक्सिंग में चंबा से विजय थापा, जिम्नास्टिक में अनंत राम व तीरंदाजी में  लाहुल-स्पीति से सकाल जंग दोरजे भाग ले चुके हैं।

आज नशे के खिलाफ दौड़

शिमला— राजधानी में रविवार को पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। दौड़ के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने का आवाहन किया जाएगा। लोगों, खासकर युवाओं को नशे से विनाशकारी प्रभाव से दूर रखने के लिए मकसद से यह आयोजन किया जा रहा है। यह मैराथन सुबह सात बजे आयोजित की जाएगी। पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विजेताओं को पुस्कृत करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App