65 लेखक एक साथ

By: Jun 24th, 2018 12:04 am

शिमला में अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव का आगाज

शिमला — शिमला के एतिहासिक गेयटी थियेटर में शिमला में अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव का आगाज हो गया है। दो दिवसीय इस उत्सव में विश्व भर से नामी लेखक और हस्तियां भाग ले रहे हैं। यह उत्सव भाषा एवं संस्कृति विभाग विभोर संस्था के साथ मिलकर प्रदेश में लुप्त होते साहित्य को संजोने के उद्देश्य से करवाया जा रहा है। उत्सव के पहले दिन सावधान इंडिया क्राइम शो के प्रख्यात एंकर और अभिनेता सुशांत सिंह भी इस उत्सव में भाग लेने के लिए शिमला पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य व बागबानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि किया। इस अवसर पर सचिव भाषा एवं संस्कृति पूर्णिमा चौहान ने बताया कि प्रदेश में साहित्य पहाड़ी भाषा और लिपि को बचाना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के संयोजक एक्रेस दि रोड एडवरटाइजिंग एंड इवेंट्स की सीईओ निधि शर्मा ने बताया कि इस फेस्टिवल में विश्वभर से 65 लेखक हिस्सा ले रहे हैं और यह दो दिन तक चलेगा, जिसमें साहित्य, कला, कविता, मीडिया, सोशल मीडिया से जुड़े 24 कार्यक्रम दो दिन में करवाए जाएंगे। उत्सव की थीम ऑन इंडिया रखी गई है। कार्यक्रम में निदेशक भाषा एवं संस्कृति रूपाली ठाकुर, आयोजकों के प्रतिनिधि, लेखक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सावधान इंडिया के एंकर सुशांत सिंह भी पहुंचे

शिमला में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव में भाग लेने पहुंचे सावधान इंडिया के प्रख्यात एंकर सुशांत सिंह ने कहा कि वह भावी लेखक के तौर पर उत्सव में भाग ले रहे हैं। उन्होंने क्राइम स्टोरी पर ही एक किताब लिखी है, जिससे उन्होंने लोगों के बीच सांझा किया। वह पहली बार ही इस तरह के उत्सव में भाग ले रहे हैं और यहां से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलेगा। सुशांत सिंह ने अपने क्राइम शो सावधान इंडिया को लेकर उत्सव के दौरान हुई चर्चा में कहा कि इस शो को लेकर आम दर्शकों सहित पुलिस वाले और यहां तक कि पत्रकार उनसे यह सवाल करते हैं कि आपका यह शो क्राइम किस तरह से करने हैं, इसके बारे में जानकारी देता है, तो ऐसे में क्राइम कैसे कम होगा? जिसके जवाब में वह कहते हैं कि इस शो का उद्देश्य लोगों को क्राइम के प्रति सचेत करना है। जिन लोगों के घर में धार्मिक ग्रंथ होते हैं, वे सभी धार्मिक प्रवृत्ति या उन्हें आत्मसात करने वाले नहीं होते हैं। उसी तरह क्राइम शो देखने वाले दर्शक जरूरी नहीं हैं कि क्रिमिनल ही बनें। यह एक माध्यम है, जिससे बढ़ते हुए गुनाहों से किस तरह से सचेत रहा जा सकता है, इसकी जानकारी देता है। सुशांत ने कहा कि वह पहली बार शिमला आए है और यहां के पहाड़ और प्राकृतिक सुंदरता बेहद ही खुबसूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App