अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह काबू

By: Jul 29th, 2018 12:20 am

सिरमौर पुलिस ने दिल्ली के वसंत विहार में पकड़े दो नामी चोर, देहरादून और यूपी के हैं शातिर

नाहन— जिला सिरमौर पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह द्वारा जिला सिरमौर के अलावा कई राज्यों से बाइक्स को चोरी कर नेपाल में बेचा जाता था। सिरमौर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देहरादून का एक बाइक चोर गिरोह जिला सिरमौर व आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जिसके चलते पुलिस ने एक एक्शन प्लान तैयार कर इस अंतरराष्ट्रीय चोर गिरोह को पकड़ने की बिसात बिछाई। पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को दिल्ली के वसंत बिहार इलाके से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने देहरादून के रहने वाले बलबीर गुलेरिया व उत्तर प्रदेश के रहने वाले संजय गुप्ता को दिल्ली से हिरासत में लिया है। बताते हैं कि हिरासत में लिए गए आरोपियों का नेपाल में भी अस्थाई ठिकाना है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जून, 2018 में इसी गैंग के एक सदस्य हीरा को गिरफ्तार किया था, जिससे सोलन के कसौली से चोरी हुई मारुति कार को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी हीरा अब भी ज्यूडिशियल रिमांड पर चल रहा है। चार दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस के सामने आरोपी जुबान खोलने लगे हैं। बताते हैं कि गिरोह के सदस्य सोलन के अलावा कई अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे हैं। बताते हैं कि बलबीर व विकास को दबोचने के लिए पुलिस ने एक रणनीति के तहत कार्य किया। बताते हैं कि पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान के लिए एक टीम का गठन किया तथा टीम के दो सदस्य आरोपियों के घर पार्सल लेकर पहुंचे। आरोपी के घर पहुंचने पर जब पुख्ता पता व जानकारी हासिल हुई उसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि प्रारंभिक छानबीन में यह भी पता चला है कि आरोपी एक इंटरनेशनल बाइक चोर गिरोह के तहत कार्य करते हैं। यही नहीं इस गैंग द्वारा केवल पल्सर बाइक्स को ही चोरी किया जाता था। चोरी करने के बाद बाइक को हरियाणा के मुलाना ले जाकर न केवल बाइक्स का रंग रोगन करवाया जाता था, बल्कि उसके बाहरी हिस्से में कुछ फेरबदल भी करवाया जाता था। उसके उपरांत गिरोह के सदस्य बाइक्स को नेपाल बॉर्डर तक पहुंचाते थे। यहां से नेपाली मूल के सदस्य बाइक को नेपाल ले जाते थे। बताते हैं कि नेपाल में बाइक्स काफी महंगी हैं, जिसके चलते यहां से चुराई गई बाइकों की अच्छी कीमतें मिल जाती थी।  मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपाणी ने बताया कि पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा उन्हें शक है कि इस गिरोह में बाहरी देशों के सदस्यों की संलिप्तता से भी इंकार नहीं किया जा सकता।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App