अब देश भर में हिमाचली आलू चिप्स का जायका

By: Jul 22nd, 2018 12:15 am

कांगड़ा-कुल्लू में प्रस्तावित फैक्टरियों के लिए प्रदेश सरकार ने कॉल किए टेंडर, खर्च होंगे 10 करोड़ रुपए

बिलासपुर— पहाड़ी राज्य हिमाचल का आलू चिप्स अब देश भर में धूम मचाएगा। प्रदेश की जयराम सरकार कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आलू चिप्स की फैक्टरियां स्थापित करने जा रही है, जिसके लिए 10 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी प्रदान की गई है। खास बात यह है कि दोनों फैक्टरियों की स्थापना को लेकर टेंडर भी कॉल कर दिए गए हैं। इसका फायदा यह रहेगा कि मंडियों में सही दाम न मिलने से परेशान प्रदेश के आलू उत्पादकों के प्रोडक्ट को घरद्वार पर ही बेहतर मार्केट नसीब होगी। जानकारी के मुताबिक पूरे प्रदेश में खासकर लाहुल-स्पीति में आलू की पैदावार बड़े स्तर पर होती है। मोदी सरकार ने 2022 तक किसानों की आय डबल करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत प्रदेश की जयराम सरकार भी इस दिशा में विशेष कदम उठा रही है। कृषि क्षेत्र में नई नई योजनाओं पर काम चल रहा है। आलू का उत्पादन बड़े स्तर पर किए जाने की तैयारी भी हो गई है। आलू उत्पादकों को घरद्वार पर ही बेहतर दाम उपलब्ध करवाने के मद्देनजर राज्य सरकार ने प्रदेश के कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आलू चिप्स की फैक्टरियां लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बाकायदा कवायद भी आरंभ कर दी गई है। सरकार ने फैक्टरियों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर कॉल कर दिए हैं। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही दोनों फैक्टरियों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे निश्चित रूप से बेरोजगार युवाओं के लिए घरद्वार रोजगार के द्वार खुलेंगे। राज्य सरकार इस दिशा में कदम बढ़ा रही है और बेरोजगारी दूर करने के लिए चिप्स फैक्टरियां लगाने जा रही है। उधर, इस संदर्भ में प्रदेश के कृषि एवं जनजातीय विकास मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र के विकास पर पूरा फोकस किया गया है और नई-नई योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, ताकि केंद्र और प्रदेश सरकार के अगले तीन चार सालों में बेरोजगारों को कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार से जोड़कर किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प को पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आलू चिप्स फैक्टरियां लगाई जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App