एनजीटी के अध्यक्ष आदर्श कुमार

By: Jul 18th, 2018 12:10 am

जस्टिस आदर्श कुमार गोयल ने सोमवार को राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण एनजीटी के अध्यक्ष के तौर पर पदभार ग्रहण किया। सुप्रीम कोर्ट से शुक्रवार को सेवानिवृत्त हुए न्यायमूर्ति आदर्श कुमार गोयल को राष्ट्रीय हरित अधिकरण एनजीटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश के मुताबिक न्यायमूर्ति गोयल को पांच साल के लिए एनजीटी अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण एक्ट के तहत एनजीटी की स्थापना 18 अक्तूबर, 2010 को हुई थी। अधिकरण की मुख्य बेंच नई दिल्ली में है जबकि इसकी शाखाएं. भोपाल, पुणे कोलकाता और चेन्नई में हैं। वहीं, इसके सर्किट बेंच शिमला, शिलांग, जोधपुर और कोच्चि में हैं।

तीसरे अध्यक्ष हैं गोयल-

एनजीटी की स्थापना के बाद से गोयल इसके तीसरे अध्यक्ष हैं। पहले अध्यक्ष जस्टिस लोकेश्वर सिंह पंत थे। 2011 में हिमाचल प्रदेश के लोकायुक्त बनाए जाने के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया। इसके बाद दूसरे अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार थे, जो पिछले साल दिसंबर में रिटायर हो गए। न्यायमूर्ति गोयल को जुलाई 2014 में उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। पिछले साल 20 दिसंबर को न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार की सेवानिवृत्ति के बाद एनजीटी अध्यक्ष का पद छह महीने से अधिक समय से खाली था।

एनजीटी के पास कई मामले लंबित

अभी राष्ट्रीय राजधानी में एनजीटी की मुख्य पीठ काम कर रही है, जिसमें जस्टिस रहीम, जस्टिस आरएस राठौड़ और जस्टिस एसएस गरब्याल शामिल हैं। पर्यावरण से जुड़े कई मामले अभी एनजीटी के समक्ष लंबित हैं, जिनमें वायु प्रदूषण, गंगा और यमुना की सफाई, वैष्णोदेवी और दिल्ली में पुनर्विकास की विभिन्न परियोजनाएं शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App