कंबोडिया आएं हिमाचली उद्यमी

By: Jul 21st, 2018 12:06 am

बीबीएन— प्रदेश सरकार राज्य में सुशासन, बेहतर सुधार, सुदृढ़ अधोसंरचना, वित्तीय प्रबंधन एवं त्वरित सेवाओं के माध्यम से स्थापित उद्योगों तथा निवेशकों को पूर्ण सहयोग एवं सहायता प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। यह बात उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री विक्रम सिंह ने बद्दी में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित विचार-विमर्श कार्यक्रम के दौरान कही। कार्यक्रम का आायोजन कंबोडिया में विशेष रूप से हिमाचली उद्यमियों को निवेश करने की संभावनाओं के दृष्टिगत किया गया। कंबोडिया में भारत की राजदूत माणिका जैन, जो कि भारतीय विदेश सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं, ने कहा कि केंद्रीय विदेश मंत्रालय के निर्देशानुसार विभिन्न देशों में भारत के राजदूत देश के अलग-अलग राज्यों में जा रहे हैं। इसका उद्देश्य निवेशकों को संबंधित देश में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कंबोडिया, आसियान देशों के प्रमुख सदस्य हैं। उन्होंने निवेशकों से आग्रह किया कि वे कंबोडिया में निवेश के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आयुर्वेद तथा योग के क्षेत्र में व्यापक कार्य हुआ है। उन्होंने आग्रह किया कि आयुर्वेद के क्षेत्र में कंबोडिया में विशेषज्ञता का स्वागत है। इस अवसर पर विक्रम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार ने छह माह के कार्यकाल में उद्योग जगत को अनेक रियायतें प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से सकारात्मक परिणाम मिलने आरंभ हो गए हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि व्यापार करने की सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) में हिमाचल को देशभर में 16वां स्थान प्राप्त हुआ है। पहले हिमाचल 17वें नंबर पर था। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने प्रदेश तथा उत्तराखंड के लिए एक नई औद्योगिक विकास योजना अधिसूचित की है। उद्योग मंत्री ने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के लिए 35 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है।दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने भी विचार रखे। बीबीएन विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार, क्षेत्र में स्थापित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा, पुलिस उप अधीक्षक बद्दी खजाना राम व उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App