कितने आदमी थे…?

By: Jul 27th, 2018 12:06 am

ब्लॉक बस्टर फिल्म  शोले के किरदार गब्बर सिंह ने अमजद खान को फिल्म इंडस्ट्री में सशक्त पहचान दिलाई, लेकिन फिल्म के निर्माण के समय गब्बर सिंह की भूमिका के लिए पहले डैनी का नाम प्रस्तावित था। फिल्म शोले के निर्माण के समय गब्बर सिंह वाली भूमिका डैनी को दी गई थी, लेकिन धर्मात्मा में काम करने की वजह से उन्होंने शोले में काम करने से इनकार कर दिया था। शोले के कहानीकार सलीम खान की सिफारिश पर रमेश सिप्पी ने अमजद खान को गब्बर सिंह का किरदार निभाने का अवसर दिया। जब सलीम खान ने अमजद खान से फिल्म शोले में गब्बर सिंह का किरदार निभाने को कहा तो पहले तो अमजद खान घबरा गए, लेकिन बाद में उन्होंने इसे चुनौती के रूप में लिया और चंबल के डाकुओं पर बनी किताब अभिशप्त चंबल का बारीकी से अध्य्यन करना शुरू किया। बाद में जब फिल्म शोले प्रदर्शित हुई तो अमजद खान का निभाया किरदार गब्बर सिंह दर्शकों में इस कदर लोकप्रिय हुआ कि लोग गाहे बगाहे उनकी आवाज और चाल ढ़ाल के साथ उनके डायलॉग ‘अरे ओ सांभा कितने आदमी थे रे’  की नकल करने लगे। 12 नवंबर 1940 जन्में अमजद खान को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता जयंत फिल्म इंडस्ट्री में खलनायक रह चुके थे। अमजद खान ने बतौर कलाकार अपने अभिनय जीवन की शुरुआत वर्ष 1957 में प्रदर्शित फिल्म अब दिल्ली दूर नहीं से की। इस फिल्म में अमजद खान ने बाल कलाकार की भूमिका निभाई।  सत्तर के दशक में अमजद खान ने बतौर अभिनेता काम करने के लिए फिल्म इंडस्ट्री का रूख किया।

1973 में बतौर अभिनेता उन्होंने फिल्म हिंदुस्तान की कसम से करियर की शुरुआत की, लेकिन इस फिल्म से दर्शकों के बीच वह अपनी पहचान नहीं बना सके। इसी दौरान अमजद खान को थियेटर में अभिनय करते देखकर पटकथा लेखक सलीम खान ने अमजद खान से शोले में गब्बर सिंह के किरदार को निभाने की पेशकश की जिसे अमजद खान ने स्वीकार कर लिया। फिल्म शोले की सफलता से अमजद खान के सिने करियर में जबरदस्त बदलाव आया और वह खलनायकी की दुनिया के बेताज बादशाह बन गए। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने दमदार अभिनय से दर्शकों की वाहवाही लूटने लगे। 1977 मे शतरंज के खिलाड़ी में उन्हें महान निर्देशक सत्यजीत रे के साथ काम करने का मौका मिला।

वर्ष 1985 में भी अमजद खान ने फिल्म अमीर आदमी गरीब आदमी का निर्देशन किया, लेकिन यहां पर भी उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा।  अपनी अदाकारी से तीन दशक तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाले अजीम अभिनेता अमजद खान 27 जुलाई,1992 को दुनिया से रूखसत हो गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App