किन्नर कैलाश में तीन श्रद्धालु बहे

By: Jul 28th, 2018 12:05 am

रिकांगपिओ— किन्नर कैलाश की पहाडि़यों पर शुक्रवार को हुई तेज बारिश के चलते बाढ़ आने से एक महिला श्रद्धालु सहित तीन लोगों के बहने की सूचना है। इसके अलावा किन्नर कैलाश में करीब 60 श्रद्धालु फंसे हैं। ये सभी किन्नर कैलाश दर्शन कर लौट रहे थे। घटना तब हुई, जब ये लोग नाले को पार करने की कोशिश कर रहे थे। तीनों लोगों की खबर लिखे जाने तक कोई खबर नहीं लग पाई थी। महिला पुणे (महाराष्ट्र) की बताई जा रही है, जबकि अन्य दो लोगों की पहचान नहीं हो पाई थी। घटना की जानकारी मिलते ही किन्नौर प्रशासन द्वारा पुलिस सहित होमगार्ड की संयुक्त रेस्क्यू टीम को घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान तेज बारिश व नाले में बाढ़ का पानी काफी ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू टीम घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रही थी। इस मामले पर डीसी किन्नौर मेजर डा. अविनंद्र शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू टीम को रवाना कर दिया गया है। शवों की तलाश करने के साथ फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया गया है। तेज बारिश व नाले में बाढ़ का पानी काफी ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App