खली का ग्रेट खेल खतरे में

By: Jul 1st, 2018 12:20 am

हिमाचल में करवाई जा रही रेस्लिंग एंटरटेनमेंट पर विवादों का साया

सोलन— दलीप सिंह राणा उर्फ ग्रेट खली द्वारा हिमाचल में करवाई जा रही ‘कांटिनेंटल रेस्लिंग एंटरटेनमेंट’ कुश्ती पर विवादों का साया मंडरा गया है। पाश्चात्य मनोरंजन के नाम से हिमाचली संस्कृति को छिन्न-भिन्न करके दलीप सिंह राणा ने जो नई कवायद प्रदेश में शुरू करवाने की पहल की है, उसका विवाद कुश्ती शुरू होने से पहले ही गर्माया हुआ है। दरअसल शुक्रवार को चंडीगढ़ में ग्रेट खली के पत्रकारवार्ता के बाद फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में दलीप सिंह राणा कुर्सी पर बैठे हैं तथा एक कमरे में उन्हीं की मौजूदगी में तीन युवतियां डांस कर रही है। ये तीनों युवतियां विदेशी रेस्लर बताई जाती है। इनका डांस करने का तरीका व अदाएं ऐसी है कि देखने वाले को भी लज्जा आ जाए। इस वीडियो पर देश भर से कमेंट मिल रहे हैं। एक कुश्ती की आड़ में ऐसा अभद्र मसाला प्रदेश वासियों को मिलेगा, इस पर पूरे प्रदेश में बहस छिड़ गई है। प्रमुख पहलू यह है कि इस कुश्ती के आयोजन के लिए करोड़ों रुपए की भारी-भरकम राशि प्रदेश सरकार उपलब्ध करवा रही है। हालांकि इस राशि के बजट का प्रावधान कहां से होगा, इस पर अभी  चुप्पी बनी हुई है। दलीप सिंह राणा ने शनिवार को सोलन में भी एक पत्रकारवार्ता का आयोजन करके ‘खली रिर्टनज’ की सीडबल्यूई कुश्ती के बारे में मीडिया से बातचीत की। उनसे फेसबुक पर वायरल हुए उनके विदेशी बालाओं के साथ अश्लील डांस के बारे में जब पूछा गया तो सीधे-सीधे जवाब देने की बजाय उन्होंने इस मामले को विदेशी संस्कृति से जोड़ दिया। उनका कहना था कि इन डांसर बालाओं व रेस्लर का कल्चर ही ऐसा है। हालांकि यह वीडियो जिसमें दलीप सिंह राणा की उपस्थिति भी है, इस बात का पुख्ता प्रमाण दे रही है कि डांस का अंदाज किसी नाइट क्लब में परोसे जाने वाली पाश्चात्य स्टाइल की थिरकन से कम नहीं है। दलीप राणा ने यह तर्क भी दिया कि कुश्ती के साथ मनोरंजन करना भी उनका उद्देश्य होता है। ग्रेट खली प्रदेश की जनता को क्या परोसना चाहते हैं यह यक्ष प्रश्न हिमाचली संदर्भ में अब बुद्धिजीवी वर्ग, सरकार व ब्यूरो क्रेसी में चर्चा का विषय है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App