चार-जीरो से जीतेंगे लोकसभा चुनाव

By: Jul 15th, 2018 12:08 am

सोलन – सोलन में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी का स्कोर जीरो-चार रहेगा। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोस चुनाव के लिए अभी से ही जुट जाएं, ताकि राहुल गांधी के हाथ को मजबूत किया जा सके। रजनी पार्टी ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता हासिल करने के लिए उन्होंने अनेक जुमलें अपनाएं। चुनाव से पहले उन्होंने लोगों को अनेक सपने दिखाए, लेकिन आज तक कोई भी सपना साकार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री को सपनों का सौदागर कहते हुए कहा कि सपनों के सौदागर ने केवल सपने ही दिखाएं। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में एनडीए की सरकार बनी है तब से मंहगाई  एवं अत्याचार बढ़ गया है। अपने संबोधन में उन्होंने गुडि़या रेप एवं हत्या कांड के अलावा कसौली गोलीकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब गुडि़या कांड हुआ था तो प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। उस दौरान बीजेपी ने उसका मुद्दा बनाकर लोगों को कांग्रेस के खिलाफ कर दिया। लेकिन सत्ता में आने के बाद कसौली में एक महिला कर्मचारी की हत्या की गई। तब सरकार कहां थी। इस मौके पर उन्होंने शिमला में गर्मी के मौसम में हुए पेयजल संकट पर भी सरकार एवं नगर निगम की महापौर को आढ़े हाथों लिया।  उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत भी दी। रजनी पाटिल ने यह भी आश्वास्त किया कि जब तक वह पदेश की प्रभारी हैं तब तक कार्यकर्ताओं का शोषण सहन नहीं होगा। क्योंकि लोकसभा का चुनाव कार्यकर्ताओं का ही चुनाव है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि बागी नेताओं की वापसी का फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगी।

वीरभद्र सिंह-सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों ने लगाए नारे

सोलन – कांग्रेस के सोलन में आयोजित जिला सम्मेलन में दिग्गज नेताओं ने मंच तो एक साथ साझा किया किंतु स्वागत समारोह व नेताओं के दिलों में कतरब्योंत होती ही रही। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की दिग्गज नेताओं को एकजुट रहने की पिलाई गई घुट्टी भी घडे़बंदी जैसी लाइलाज बीमारी को संजीवनी नहीं दे सकी। नतीजतन, सोलन में भी प्रभारी व सुखविंदर सिंह सुक्खू का अलग स्वागत हुआ तथा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने पुराने अंदाज में सम्मेलन में अलग तरह से पहुंचे। वीरभद्र सिंह के पहुंचते ही उनके सर्मथकों ने जबरदस्त नारे बाजी की तथा शांत चित बैठे प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह के समर्थकों ने फिर अपने नेता के पक्ष में नारे लगाए। सम्मेलनों में चल रहा गुटबाजी का टे्रलर सोलन में भी परिलक्षित होता रहा।  सम्मेलन को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल के बारे में दिल्ली हाईकमान के पास गलत फीडबैक था। विधानसभा चुनाव में यदि जमीनी स्तर पर प्रत्येक नेता व कार्यकर्ता ने मन से कार्य किया होता तो परिणाम अलग से होता। हिमाचल में इस दौर में आना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था किंतु प्रदेश में कई स्थानों पर दौरे करने के बाद उन्हें महसूस हो रहा है कि प्रत्येक कार्यकर्ता में आज भी पूरा उत्साह है तथा लोकसभा में नतीजे चौंकाने वाले होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में गुटबाजी बंद होनी चाहिए। अलग-अलग नारे लगाने वाले कार्यकर्ताओं से उन्होंने आह्वान किया कि यह प्रथा बंद होनी चाहिए तथा सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

कार्यकर्ताओं की तय होगी जवाबदेही

सोलन- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी एवं जबावदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता कांग्रेस में रहकर भाजपा की मदद करते हैं उनकी अब खैर नहीं है। उन्होंने साफ किया कि लोकसभा चुनाव एक बढ़ी चुनौती है, जिससे मिलकर सभी पार करेंगे। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। न ही प्रशासनिक अमले को सरकार का कोई डर है। उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में कभी भी अव्यवस्था नहीं हुई। जो आदेश एक बार दिए जाते थे उस पर अमल हो जाता था। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार में अव्यवस्थाओं का आलम है, जिस पर उन्होंने कसौली हत्याकांड का उदाहरण दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App