चुवाड़ी में बाइकर्ज का खतरनाक ट्रेंड

By: Jul 16th, 2018 12:05 am

कालेज शुरू होते ही कस्बे में दनदनाने लगे बिगड़ैल, जोखिम में डाल रहे जान

चुवाड़ी – उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में इन दिनों युवा बाइकर्ज ने खतरनाक ट्रेंड अख्तियार कर लिया है। हैवी बाइक से रेस लगाकर दूसरों का ध्यान अपनी तरफ  खींचने की खातिर युवा अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। हाल ही में कालेज शुरू होने के बाद तो इस स्पीड के खेल में मानों कई युवा मौत तलाश रहे हों। सुबह जैसे ही स्कूल- कालेज टाइम  होता है, तो कस्बे में कई बाइकर्ज बिना हेलमेट रेस लगाते नजर आते हैं। इनमें अगर कुछ ने हेलमेट पहने भी हों तो वे ट्रिपलिंग कर रहे होते हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली छात्रों और बुजुर्गों को होती है। एक रिटायर्ड अधिकारी ने बताया कि वह सुबह 9 बजे के करीब बाजार जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते न जाने कब कौन बिगड़ैल टक्कर मार दे। पुलिस प्रशासन को इन शरारती तत्वों पर नुकेल कसनी चाहिए। इसी तरह एक महिला का कहना था कि सुबह बाइकर्ज की रफ्तार को देख कर उनका दिल बैठ जाता है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर पुलिस क्यों इन पर कार्रवाई नहीं कर पा रही। इसी तरह एक छात्रा ने बताया कि सुबह कालेज पहुंचना मुश्किल हो जाता है। सड़क किनारे करीब करीब युवतियों से छूकर ये बाइकर्ज गुजरते हैँ। यही नहीं शिक्षण संस्थानों के बाहर भी ऐसे बिगड़ैल युवकों का हुजूम लगा रहता है, जिससे जहां अन्य वाहन चालकों को दिक्कत होती है, वहीं राहगीर भी इनसे बचते-बचाते हुए चलते हैं।

पुलिस नौजवानों को सिखाएगी सबक

क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है कि पुलिस को ऐसे नौजवानों को कड़ा सबक देना चाहिए। सुबह के समय शिक्षण संस्थानों के समीप गश्त बढ़ानी चाहिए। तेज रफ्तार, ट्रिपलिंग या बिना हेलमेट वालों का चालान करना चाहिए। लोगों का कहना है कि रफ्तार की इजाजत तो हमारी सड़कें  भी नहीं देती हैं। यहां टेढ़ी मेढ़ी सड़कों पर इतने जिग जैग बने हैं कि जरा सी चूक पर हादसा हो जाता है। बरसात के दिनों में तो दोपहिया वाहन के स्किड होने का भी डर रहता है। ऐसे में पुलिस के लिए यह सख्ती बरतने का वक्त है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App