डिपुओं से तेल फिर गायब

By: Jul 19th, 2018 12:05 am

हमीरपुर —सस्ते राशन की दुकानों से तेल गायब हो गया है। उपभोक्ता भी पूरा राशन न मिलने से खासे परेशान हैं। उन्हें एक बार फिर बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना होगा। हालांकि कुछेक डिपुओं में तेल की सप्लाई पहुंच गई है, लेकिन वहां भी तेल वितरण पर रोक लगा दी गई है। जुलाई माह के राशन में उपभोक्ताओं को तेल नहीं मिल रहा है। इसके अलावा चावल व आटे में आधा किलो की कटौती की गई है। महंगाई के जमाने में इतने कम राशन में कैसे गुजारा होगा।  यहीं चिंता, उपभोक्ताओं को सताए जा रही है। डिपुओं में हर माह राशन पूरा नहीं पहुंच रहा है। सूत्रों की मानें तो जुलाई माह में डिपुओं में पूरा राशन भेजा गया था, लेकिन हमीरपुर में सिविल सप्लाई के गोदाम में कम वेट का तेल पकड़ा गया था। इसके चलते विभाग ने तेल की सप्लाई वापस लौटा दी है। डिपुओं में उपभोक्ताओं को दालें, चीनी, चावल व आटा से ही संतुष्टि करनी पड़ रही है। तेल की सप्लाई दोबारा नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि कुछेक डिपुओं में तेल की सप्लाई पहुंच गई है, लेकिन उन्हें बांटने पर रोक लगा दी है। उपभोक्ताओं को इस बार बाजार से ही महंगे दामों पर तेल खरीदना होगा। यही नहीं, डिपुओं में आटा साढ़े 12 किलो और चावल साढ़े पांच किलो के हिसाब से बांटा जा रहा है। उपभोक्ता भी कम राशन से काफी खफा हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App