धोनी नहीं ले रहे संन्यास

By: Jul 20th, 2018 12:06 am

कोच रवि शास्त्री ने खबरों को बताया बकवास

नई दिल्ली— भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री ने पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर लगाई जा रही अटकलों को बकवास करार देते हुए कहा है कि धोनी कहीं नहीं जा रहे हैं। शास्त्री ने गुरुवार को धोनी के संन्यास को लेकर लगाई जा रही सभी अटकलों को शांत करते हुए कहा कि धोनी कहीं नहीं जा रहे हैं और न ही संन्यास ले रहे हैं। दरअसल भारत और इंग्लैंड के बीच हैडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए तीसरे वनडे के बाद धोनी ने मैच अंपायर से गेंद वापस मांग ली थी। सोशल नेटवर्किंग साइट पर इसे सभी ने धोनी के संन्यास से जोड़कर देखा और यह कहा जाने लगा कि यह पूर्व कप्तान का संभवतः आखिरी मैच था, लेकिन सोशल मीडिया पर लगाई जा रहीं अटकलों के बाद शास्त्री को आगे आकर खुद इस पर स्पष्टीकरण देना पड़ा है। वर्ष, 2011 के विश्व विजेता कप्तान धोनी को लेकर माना जा रहा है कि वह अब जल्द ही सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगे। शास्त्री ने इस पर कहा कि यह बिलकुल बकवास है। एमएस कहीं नहीं जा रहे हैं। धोनी ने इससे पहले वर्ष 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेलिया था, जिससे उसकी कप्तानी विराट कोहली को मिल गई। इसके बाद उन्होंने वनडे और ट््वेंटी-20 की कप्तानी भी छोड़ दी थी, लेकिन वह इस प्रारूप में अभी भी बने हुए हैं। पूर्व कप्तान ने भारत के लिए 321 वनडे और 93 ट््वेंटी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने 321 वनडे में 10046 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 67 अर्द्धशतक है।

गेंदबाजी कोच अरुण को दिखाने के लिए मांगी थी गेंद

कोच रवि शास्त्री ने कहा कि धोनी ने अंपायर से गेंद इसलिए ली थी, ताकि वह हमारे गेंदबाजी कोच भारत अरुण को दिखा सकें। वह अरुण को दिखाना चाहते थे कि गेंद किस तरह से खराब हो गई है। वह मैदान की परिस्थितियों का जायजा लेना चाहते थे। शास्त्री ने कहा कि फिलहाल धोनी के संन्यास को लेकर जो हो हल्ला हो रहा है वह बेकार है। वह गेंद को केवल अरुण को दिखाना चाहते थे, ताकि यह देख सकें कि 45 ओवर के बाद गेंद की स्थिति कैसी हो जाती है।

बीसीसीआई माही को अब भी बता रहा कैप्टन

नई दिल्ली — भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की आधिकारिक वेबसाइट पर अब भी महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय टीम का कप्तान दिखाया जा रहा है। वेबसाइट पर धोनी के प्रोफाइल के नीचे, कप्तान, इंडिया लिखा है। वहीं, विराट कोहली की बात की जाए तो उनके नाम के विवरण के आगे भी कप्तान लिखा दिख रहा है।

भारत-ए की शर्मनाक हार

वोरसेस्टर — भारत-ए के बल्लेबाजों की विदेशी हालात में लाल गेंद के खिलाफ कमजोरी एक बार फिर उजागर हुई, जिससे इंग्लैंड लायंस ने एकमात्र अनौपचारिक टेस्ट के चौथे दिन गुरुवार को मेहमान टीम को 254 रन से रौंद दिया। इंग्लैंड लायंस के 421 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत-ए ने अंतिम दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 11 रन से की और अंततः टीम दूसरी पारी में 44 ओवर में 167 रन पर ढेर हो गई। लायंस ने पहले पारी में 423 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ए की टीम पहली पारी में भी 66.5 ओवर में 197 रन ही बना सकी थी। भारत के लिए इस मैच का सकारात्मक प्रदर्शन अजिंक्या रहाणे और युवा ऋषभ पंत की बल्लेबाजी रही। पंत ने 58 और 61 रन की पारियां खेलकर छाप छोड़ी। रहाणे ने भी क्रीज पर उपयोगी समय बिताते हुए 49 और 48 रन बनाए। नायर और विजय हालांकि दोनों पारियों में विफल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App