नालागढ़ में 42 हेक्टेयर होंगे हरे

By: Jul 13th, 2018 12:05 am

नालागढ़ —वन मंडल द्वारा जनसहभागिता से पौधारोपण अभियान का गुरुवार से शुभारंभ हो गया है। तीन दिवसीय इस अभियान के तहत वन मंडल नालागढ़ के तहत चार वन परिक्षेत्रों की 42 हेक्टेयर भूमि पर 18050 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। वनमंडल नालागढ़ के अधीन आने वाले चार वन परिक्षेत्रों नालागढ़, रामशहर, कोहू, बद्दी में यह पौधे रोपे जाएंगे। इसमें बद्दी व नालागढ़ वन परिक्षेत्र में करीब पांच-पांच हजार, जबकि कोहू व रामशहर परिक्षेत्र में चार-चार हजार पौधे रोपे जाने हैं। अभियान के पहले दिन वनमंडल नालागढ़ के तहत आधा दर्जन गांवों पलाहवाला, बीड़ प्लासी, नाहर सिंह, बगलैहड़, मलैहणी, जगणी में जाकर यह पौधे रोपे गए और इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों सहित महिला मंडल व स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। 12 से 14 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत 13 जुलाई को औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत नालागढ़ व दून विस क्षेत्रों के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत दून हल्के के तहत भटौलीकलां में गुरुवार सुबह 11 बजे दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, जबकि नालागढ़ विस क्षेत्र के बगलैहड़ शामला में नालागढ़ के विधायक लखविंद्र राणा सायं चार बजे इस अभियान में अपना सहयोग देंगे। वन मंडल नालागढ़ के तहत 141 हेक्टेयर भूमि में से 42 हेक्टेयर भूमि पर जनसहभागिता कार्यक्रम के तहत यह पौधे रोपे जा रहे हैं। वन विभाग खैर, शीशम, कचनार, बेहड़ा, बांस, नीम, अर्जुन, आंवला, कीकर, जामुन, अमलतास सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर क्षेत्र की हरियाली को सुचारू बनाएगा। इस अभियान में वन विभाग स्वयंसेवी संगठनों और स्कूली विद्यार्थियों, उद्योगपतियों, हिमुडा, गौशाला प्रबंधनों को भी इस अभियान में अपने साथ जोड़ा जा रहा है। डीएफओ नालागढ़ जवाहर स्वरूप शर्मा ने कहा कि वर्ष 2018-19 के जनसहभागिता के तहत पौधारोपण अभियान के पहले दिन छह गांवों में यह पौधे रोपे गए, जबकि शुक्रवार को नालागढ़ व दून के विधायक भी अपना सहयोग करेंगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App