नाहन में कांग्रेस के निशाने पर भाजपा

By: Jul 16th, 2018 12:07 am

नाहन – हिमाचल प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा जिला स्तर पर किए जा रहे सम्मेलन का सातवां सम्मेलन रविवार को सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में संपन्न हुआ। सम्मेलन में कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, सह-प्रभारी गुरकिरत सिंह के अलावा हिमाचल प्रदेश कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुख्खू तथा विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री का जिला सिरमौर के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला परिषद भवन में सुबह से ही जिला भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ चुकी थी। कांग्रेस के आला नेताओं के स्वागत के लिए जिला परिषद भवन के बाहर भारी संख्या में कांग्रेस कायकर्ता कतार में खड़े थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल व पार्टी के अन्य नेताओं का जोरदार स्वागत किया। सम्मेलन में सिरमौर जिला के तमाम नेता भी मौजूद थे। इनमें मुख्य रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान, रेणुका के विधायक विनय कुमार, पांवटा के पूर्व विधायक किरनेश जंग के अलावा जिला सिरमौर के सभी मंडल से प्रभारी, मंडल अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित थे। सम्मेलन में सभी कांग्रेस नेताओं का निशाना केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार व प्रदेश की जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर रहा। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने जहां भाजपा व आरएसएस पर निशाना साधा, वहीं कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सभी को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मनमुटाव किसी भी संगठन व संस्थान में हो सकते हैं, परंतु कांग्रेस पार्टी को आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं के सहयोग से प्रदेश की चारों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए कार्य करना होगा। इस अवसर पर सम्मेलन में कांग्रेस के विधानसभा में नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भी प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के छह महीने के हनीमून पीरियड को आड़े हाथों लिया। सम्मेलन को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सूख्खू ने संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया तथा कहा कि अभी तक प्रदेश की सरकार व उसके मंत्री अपने लक्ष्यों को ही तय नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। जयराम सरकार छह महीने में ही लोगों की कसौटी पर विफल रही है। सरकार की खामियों की ठिकरा अधिकारियों पर फोड़ा जा रहा है। यह पहला अवसर है जब हिमाचल की राजधानी शिमला में पीने के पानी की समस्या को भाजपा सरकार हल नहीं कर पाई। सम्मेलन को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान व रेणुका के विधायक विनय कुमार ने संबोधित करते हुए जिला सिरमौर के पार्टी कार्यकर्ताआें का आह्वान किया कि जिला की पांचों विधानसभा सीटों से इस बार कांग्रेस बढ़त लेगी। कांग्रेस पर झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार महंगाई रोकने में नाकाम रही है। सम्मेलन में सिरमौर कांग्रेस पार्टी प्रभारी विनोद सुल्तानपुरी, हिमफेड के पूर्व चेयरमैन अजय बहादुर, पूर्व विधायक किरनेश जंग, जिला परिषद अध्यक्ष दलीप चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य नासिर रावत, शिलाई कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, युवा कांग्रेस के शिमला लोस के महासचिव जयदीप शर्मा, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष कपिल शण्कवाण, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव ओपी ठाकुर आदि उपस्थित थे।

डा. परमार के पुत्र व पुत्रवधु की अनदेखी

कांग्रेस के सातवें जिला स्तरीय सम्मेलन में हिमाचल निर्माता डा. यशवंत सिंह परमार के बेटे व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पांच बार कांग्रेस के विधायक रह चुके कुश परमार व उनकी पत्नी तथा समाज कल्याण बोर्ड की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान तथा वर्तमान में अध्यक्ष सत्या परमार को नहीं बुलाया गया। पार्टी में वरिष्ठ नेता कुश परमार की नजरअंदाजी चर्चा का विषय रही। हैरानी की बात है कि हिमाचल प्रभारी ने भी इस विषय में प्रदेश के कांग्रेस नेताओं से किसी प्रकार की फीडबैक अथवा चर्चा सम्मेलन के दौरान नहीं की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App