पुल के नीचे ड्राइवर की लाश

By: Jul 27th, 2018 12:05 am

 नेरचौक —थाना क्षेत्र बल्ह के चक्कर में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हत्या है या हादसा। जानकारी के अनुसार सुबह किसी राहगीर ने चक्कर से चंडयाल मार्ग पर बने पुल के नीचे एक व्यक्ति को गिरा हुआ पाया। उन्होंने स्थानीय लोगों को इस बारे में अवगत करवाया, जिस पर स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रधान विमला देवी तथा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। छानबीन करने पर व्यक्ति की शिनाख्त 39 वर्षीय बगला निवासी गिरजानंद उर्फ  महाजन पुत्र दसौंदी राम के रूप में हुई। गिरजा नंद हिमाचल पथ परिवहन निगम के केलांग डिपो में चालक के पद पर कार्यरत था तथा कुछ दिनों से घर छुट्टी पर आया था। मृतक गिरजानंद अपने पीछे पत्नी दो बेटियां तथा एक बेटे को छोड़ गया। पत्नी द्वारा ही शव की शिनाख्त की गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App