फलों और औषधीय पौधों को तरजीह

By: Jul 18th, 2018 12:05 am

धर्मशाला  —प्रदेश में वनों को रोजगार और आजीविका का साधन बनाने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने पर भी प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है। वनों में अब चौड़ी पत्ते वाले पौधों को रोपित किया जा रहा है, जिन क्षेत्रों में पौधारोपण किया जा रहा है, वहां पर बाड़बंदी करना भी सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही अच्छे पौधारोपण व संरक्षण वाले क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। मंगलवार को जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित पुलिस मैदान के बाहरी क्षेत्र में वन विभाग द्वारा आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर अर्जुन का पौधा लगाया। इस  दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा लोगों ने भी अर्जुन, जामुन और बान सहित अन्य चौड़ी पत्ती वाले पौधे रोपित किए। कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री गोविंद सिंह  ठाकुर ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रमों में चौड़ी पत्ती, फलदार व औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाने पर बल दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान सरकार वन संरक्षण, संवर्धन और इन्हें पर्यटन व अन्य रोजगार गतिविधियों से जोड़ने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। वन मंत्री ने कहा कि 12 से 14 जुलाई तक चले विशेष पौधारोपण अभियान प्रदेशभर में करीब 17 लाख 59 हजार पौधे लगाए गए हैं। अभियान में 86 हजार लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल, अरण्यपाल डीआर कौशल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्री सिंह, एसीएफ  सुरेश, भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा,  एसडीएम धर्मेश रमोत्रा, जिला वन अधिकारी प्रदीप भारद्वाज, पंजाब खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्याम लाल सिंगला, राष्ट्रीय महासचिव नरेश मलिक, कैप्टन पुरुषोत्तम, प्रकाश चौधरी, दविंद्र कुंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App