फ्लाई ओवर पर बंटे कारोबारी 

By: Jul 15th, 2018 12:05 am

ऊना – ऊना शहर के लिए प्रस्तावित फ्लाई ओवर को लेकर व्यापारी वर्ग एकमत नहीं दिख रहा है। कई व्यापारी फ्लाई ओवर का विरोध कर रहे हैं, तो कई व्यापारी फ्लाई ओवर के समर्थन हैं। इसके चलते फ्लाई ओवर को लेकर व्यापारी वर्ग की राय दो राह में बंट चुकी है। हालांकि ऊना शहर में तीन किलोमीटर फ्लाई ओवर के कार्य को लेकर प्रारंभिक चरण में नेशनल हाई-वे आथरिटी ऑफ इंडिया की ओर से एक करोड़ की राशि का प्रावधान भी कर दिया गया है। ऊना मुख्यालय के साथ लगते रक्कड़ (रेलवे ओवरब्रिज) से यह फ्लाई ओवर शुरू होकर लालसिंगी तक बनना प्रस्तावित है, लेकिन इससे पहले ही व्यापारी वर्ग में फ्लाई ओवर को विरोध की चिंगारी भी भड़क उठी है। जो फ्लाई ओवर का विरोध कर रहे हैं, वे इससे नुकसान होने की बात कर रहे हैं, लेकिन जो समर्थन में उतरे हैं, वे इसके लाभ गिना रहे  हैं। ऐसे व्यापारी वर्ग को आपसी सहमति बनाकर इस मसले को सुलझाना चाहिए।

भाजपा बोली, फायदा ही होगा

जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा का कहना है कि लोग फ्लाई ओवर का जितना नुकसान सोच रहे हैं,उतना नुकसान नहीं होगा। फ्लाई ओवर का लाभ ही मिलेगा। वहीं, पार्टी स्तर पर शहर में बाइपास को लेकर भी चर्चा की जा रही है।

समर्थन में ये व्यापारी

जितेंद्र, विजय, कपिल का कहना है कि शहर में फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह दुकानदारी कर रहे हैं, लेकिन बाहरी लोग शहर में खरीददारी के लिए नहीं पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि फ्लाई ओवर बनने का लाभ लोगों को होगा। जाम की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।

विरोध में व्यापारी; बोले, बाईपास बनाओ

ऊना- हिमाचल व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुमेश शर्मा, जिला प्रधान मोती लाल कपिला, महासचिव रोहित शर्मा, प्रदेश महामंत्री राकेश कैलाश फ्लाई र्ओवर के विरोध में हैं। उनका कहना है कि फ्लाई ओवर बनने के बाद यहां के व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ेगा। इसके चलते फ्लाई ओवर के बजाय यहां पर बाइपास का निर्माण किया जाना चाहिए।

तब रोज यहां निकलेंगे 500 ट्रक

ऊना  – ऊना के पेखूबेला में करोड़ों की लागत से बनने वाले इंडियन ऑयल डिपो का काम जोरशोर से चला हुआ है। हर रोज इस डिपो से करीब 500 ट्रक निकलने हैं। ऐसे में यदि शहर में फ्लाई ओवर का निर्माण नहीं हो पाया, तो पहले से जाम की समस्या झेल रहे शहर में और अधिक जाम की समस्या हो सकती है। इस समस्या के अलावा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए फ्लाई ओवर के निर्माण का प्राथमिकता दी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App