बिलासपुर के पूर्व विधायक पर केस

By: Jul 28th, 2018 12:01 am

बंबर ठाकुर के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला

 बिलासपुर— बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के खिलाफ एक महिला ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शुक्रवार को बिलासपुर की एक सरकारी कर्मचारी महिला ने सदर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि पूर्व विधायक सोशल मीडिया (फेसबुक) पर उनके नाम से भाजपा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर उन्हें बदनाम कर रहे हैं। महिला का कहना है कि उनका राजनीतिक दलों से कोई लेना-देना नहीं है, जबकि पूर्व विधायक बिना कुछ बताए ही उनके नाम से सोशल मीडिया में गलत बयानबाजी कर रहे हैं।  महिला ने शिकायत पत्र में लिखा है कि गुरुवार को पूर्व विधायक ने अपनी फेसबुक आईडी से भाजपा के सदर विधायक सुभाष ठाकुर पर उनके नाम से अभद्र टिप्पणी लिखकर सोशल मीडिया में वायरल किया गया है। इस दौरान इस मामले की सूचना महिला को भी नहीं  थी, परंतु गुरुवार देर शाम महिला को इसकी जानकारी मिली, जिसके चलते महिला और महिला के परिवार ने पूर्व विधायक से बात करना भी चाही, लेकिन बात नहीं हुई। महिला ने बताया कि विधायक द्वारा जो भी सोशल मीडिया में अपलोड किया गया है, उस पोस्ट से वह सामाजिक रूप से प्रताडि़त भी हुई है। फेसबुक पर यह पोस्ट गुरुवार को उस समय आई, जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बिलासपुर में आयोजित कारगिल विजय दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस पोस्ट में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने लिखा था कि बिलासपुर की सुनीता राणा ने विधायक सुभाष ठाकुर को जूते मारे…आखिर क्यों? शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि इस पोस्ट की वजह से जहां वर्तमान विधायक के खिलाफ  अपशब्दों का प्रयोग हुआ है, वहीं महिला सामाजिक रूप से भी प्रताडि़त हुई है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

शिकायत के बाद हटी पोस्ट

शुक्रवार को पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाने के बाद पूर्व विधायक ने अपनी फेसबुक आईडी से यह पोस्ट हट दी। ऐसे में वह न चाहते हुए भी शक के घेरे में खुद फंसते नजर आ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App