भागने के लिए.. पुलिस वाले से भिड़ गया कैदी

By: Jul 29th, 2018 12:05 am

 चंबा —पंडित जवाहर लाल मेडिकल कालेज चंबा में शनिवार सवेरे मानसिक तौर से परेशान एक विचाराधीन कैदी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करने से अफरा-तफरी मच गई। मगर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी से कार्य करते हुए उसके प्रयास को नाकाम कर दिया। मानसिक तौर से परेशान कैदी ने पुलिस कर्मियों से उलझ पड़ा। इस झड़प में उसने एक पुलिस कर्मी की वर्दी भी फाड़ डाली। माहौल ज्यादा खराब होता देख निजी सिक्योरिटी कर्मी भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने कैदी को कंट्रोल करने में पुलिस की मदद की। जानकारी के अनुसार मारपीट व छेड़खानी के मामले में नामजद होने के चलते राजपुरा जेल में बंद इस कैदी को उपचार के लिए चंबा अस्पताल लाया गया है। अस्पताल से चैकअप करवाने के बाद कैदी ने पुलिस कर्मी को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। इतने में ही कैदी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। कैदी भागने के लिए पुलिस वालों से झगड़ा करने लगा। पुलिस वालों ने कैदी को पहले अस्पताल के बाहर एक खंभे से बांध दिया। इसके बाद हथकड़ी लाकर उसके दोनों हाथ बांध कर गाड़ी में बिठाकर वापस जेल पहुंचाया। इसके बाद ही पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि अस्पताल से एक कैदी ने भागने की कोशिश की थी, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। कैदी मानसिक रूप से भी परेशान है, जिसे सही सलामत राजपुरा जेल में पहुंचा दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App