भालू के हमले की घायल को सीएम ने दी पौने दो लाख की मदद

By: Jul 21st, 2018 12:05 am

 संगड़ाह —उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले थ्यान-बाग गांव में दो दिन पूर्व भालू के हमले से गंभीर रूप से घायल हुई महिला बिमला देवी के इलाज के लिए प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष से 1,75,000 रुपए की आर्थिक मदद जारी की गई। सरकारी मदद मिलने के बाद शुक्रवार को महिला का एक आपरेशन भी हो चुका है। शुक्रवार को घायल महिला का कुशलक्षेम जानने आईजीएमसी शिमला पहुंचे स्थानीय कांग्रेस विधायक विनय कुमार तथा प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव ओपी ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा उनकी अपील पर पीडि़त परिवार को महिला के इलाज के लिए पौने दो लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने गेहल-डिमाईना के उक्त गरीब परिवार की मदद के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का तहेदिल से आभार जताया। घायल महिला की हालत खतरे से बाहर है।

लोगों ने जताया आभार

मुख्यमंत्री राहत कोष से राशि स्वीकृत किए जाने के लिए प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव ओपी ठाकुर व घायल महिला के परिजनों तथा डिमाईना गांव के लोगों ने विधायक विनय कुमार का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने बताया कि बिमला देवी गरीब परिवार से हैं। सोमवार को ही उसका आपरेशन होना है। विधायक के सफल प्रयासों से महिला के इलाज के लिए 1.75 लाख की राशि स्वीकृत होने से विधायक ने गरीब परिवार पर बड़ा उपकार किया है। गौरतलब है कि डिमाईना गांव की बिमला देवी पर बुधवार को भालू ने जानलेवा हमला किया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसे शिमला रैफर किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App