मजाक उड़ा तो सुधारी गलती

By: Jul 21st, 2018 12:07 am

नई दिल्ली — भले ही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली हों, लेकिन बीसीसीआई की नजर में गुरुवार रात तक महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे। जब इसका सोशल मीडिया पर मजाक उड़ा तो बोर्ड ने अपनी गलती सुधार ली। दरअसल, हुआ ये कि बीसीसीआई की वेबसाइट में टीम इंडिया का कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बताया जा रहा था। वेबसाइट में महेंद्र सिंह धोनी की प्रोफाइल में उनके नाम के नीचे कप्तान लिखा हुआ था। हालांकि जब इस पर विवाद हुआ तो ये गलती शुक्रवार को सुधार ली गई और धोनी के प्रोफाइल से कप्तान शब्द हटा लिया गया। मगर तब तक बीसीसीआई की यह गलती सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थी। दिलचस्प ये है कि धोनी के साथ टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के प्रोफाइल पेज पर कुछ नहीं लिखा था। इसे सुधारने के बाद धोनी के नाम के नीचे कप्तान हट गया है और कोहली के नाम के नीचे कुछ नहीं लिखा है। इस गलती को लेकर कई लोगों की प्रतिक्रियाएं बेहद रोचक रहीं। एक यूजर ने लिखा, बीसीसीआई, अब मुझसे यह नहीं कहिए कि धोनी से उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया या उनके फैन यह कर रहे हैं। एक अन्य ने लिखा, धोनी दो साल पहले कप्तानी छोड़ चुके हैं, लेकिन बीसीसीआई को अभी भी लगता है कि वे टीम इंडिया के कप्तान हैं। अन्य सभी अस्थायी कप्तान हैं और कैप्टन कूल टीम के स्थायी कप्तान हैं। धोनी ने दिसंबर, 2014 में आस्ट्रेलिया दौरे में सीरीज के दौरान ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद उन्होंने चार जनवरी, 2017 को वनडे और टी-20 के प्रारूप की भी कप्तानी छोड़ दी थी। उसके बाद से वह वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की ओर से बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App